जापान पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल: प्रमोद भगत ने जीता स्वर्ण, सुकांत कदम ने पूरे किए 100 पदक

WhatsApp Channel Join Now
जापान पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल: प्रमोद भगत ने जीता स्वर्ण, सुकांत कदम ने पूरे किए 100 पदक


टोक्यो, 13 सितंबर (हि.स.)। भारतीय पैरा बैडमिंटन खिलाड़ियों ने जापान पैरा बैडमिंटन इंटरनेशनल 2026 में शानदार प्रदर्शन किया। स्टार खिलाड़ी प्रमोद भगत ने पुरुष एकल में स्वर्ण और पुरुष युगल में रजत पदक अपने नाम किया, जबकि सुकांत कदम ने अपने करियर के 100 पदक पूरे कर बड़ी उपलब्धि हासिल की।

पुरुष एकल एसएल3 के फाइनल में प्रमोद ने हमवतन यू कुमार को सीधे गेम में 21-16, 21-08 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा पुरुष युगल एसएल3-एसयू5 में प्रमोद और सुकांत की जोड़ी को रजत से संतोष करना पड़ा। फाइनल में उन्हें इंडोनेशिया के हिकमत रामदानी और फ्रेडी सेतियावान ने मात दी।

प्रमोद ने जीत के बाद कहा कि स्वर्ण और रजत के साथ टूर्नामेंट समाप्त करना उनके लिए बेहद खुशी की बात है। उन्होंने एकल फाइनल में शुरुआती दबाव के बावजूद धैर्य बनाए रखने और अपनी लय हासिल करने को जीत की कुंजी बताया।

वहीं, सुकांत ने पुरुष एकल एसएल4 में भी रजत पदक हासिल किया। फाइनल में उन्हें फ्रांस के लुकास माजूर के हाथों 21-08, 21-16 से हार मिली। माजूर ने पहला गेम आसानी से जीतने के बाद दूसरे गेम में सुकांत की कड़ी चुनौती का सामना किया।

इसी टूर्नामेंट के दौरान सुकांत ने करियर के 100 पदकों का आंकड़ा छू लिया। उन्होंने कहा कि 12 साल पहले पैरा बैडमिंटन शुरू करते समय उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वह इस मुकाम तक पहुंचेंगे। सुकांत ने कहा कि 100 पदक उनके लिए मंजिल नहीं, बल्कि आगे और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा हैं।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story