बारिश के चलते यूपी टी-20 लीग के प्लेऑफ और फाइनल अब लखनऊ में

WhatsApp Channel Join Now


कानपुर, 31 अगस्त (हि.स.)। कानपुर में लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम के मद्देनजर यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के प्लेऑफ और फाइनल मुकाबलों को लखनऊ स्थानांतरित कर दिया गया है। अब ये सभी निर्णायक मुकाबले पूर्व निर्धारित तिथियों पर लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।

यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ संजय कपूर ने सोमवार को कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सुरक्षा, सभी टीमों को समान परिस्थितियां उपलब्ध कराना और मुकाबलों की गुणवत्ता बनाए रखना लीग प्रबंधन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। डॉ. कपूर ने कहा कि कानपुर में लगातार बारिश के कारण मैचों को पूरा कराना चुनौतीपूर्ण हो रहा है। गीली आउटफील्ड से खिलाड़ियों के चोटिल होने का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसे में प्लेऑफ जैसे महत्वपूर्ण मुकाबलों में सभी टीमों को पूरे 20 ओवर खेलने का समान अवसर मिलना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि मौसम के पूर्वानुमान में आने वाले दिनों में भी कानपुर में बारिश की संभावना को देखते हुए यह फैसला लेना पड़ा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह निर्णय किसी टीम के पक्ष या विपक्ष में नहीं, बल्कि खेल की निष्पक्षता और खिलाड़ियों के हित में लिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि बारिश के कारण मुकाबलों के बार-बार बाधित होने और देर रात तक मैच चलने से खिलाड़ियों पर शारीरिक और मानसिक दबाव बढ़ सकता है। लखनऊ में बेहतर परिस्थितियों में मैच आयोजित होने से खिलाड़ियों को अपनी पूरी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा और दर्शक भी निर्बाध क्रिकेट का आनंद ले सकेंगे।

लीग प्रबंधन ने कानपुर चरण के दौरान दर्शकों, खिलाड़ियों, टीमों, अधिकारियों और सहयोगी संस्थाओं से मिले सहयोग के लिए आभार जताया। पत्रकार वार्ता में उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की मीडिया कमेटी के चेयरमैन मोहम्मद फहीम, यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story