फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल का 100वाँ संस्करण भारत की ओलंपिक आकांक्षाओं को समर्पित, पटना में डॉ. प्रमोद कुमार करेंगे साइकिल रैली का नेतृत्व

WhatsApp Channel Join Now
फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल का 100वाँ संस्करण भारत की ओलंपिक आकांक्षाओं को समर्पित, पटना में डॉ. प्रमोद कुमार करेंगे साइकिल रैली का नेतृत्व


पटना, 27 नवंबर (हि.स.)। फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल के 100वें संस्करण का आयोजन आगामी रविवार, 29 नवंबर 2026 को देशभर में हैस टैग इंडिया रेडी 4 ओलंपिक्स थीम के साथ किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य फिटनेस, साइकिलिंग, पर्यावरण संरक्षण और खेलों में व्यापक जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।

राष्ट्रीय स्तर पर मुख्य कार्यक्रम पुणे में आयोजित किया जाएगा, जिसका नेतृत्व केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया करेंगे। इस अवसर पर देशभर में 1.5 लाख से अधिक माई भारत स्वयंसेवकों की भागीदारी अपेक्षित है तथा 600 से अधिक जिलों में साइकिल रैलियों का आयोजन किया जाएगा।

पटना में साइकिल रैली पटना में इस अवसर पर 29 नवंबर 2026 को दीघा घाट, जेपी गंगा पथ (मरीन ड्राइव), पटना में साइकिल रैली का आयोजन किया जाएगा। इसका नेतृत्व डॉ. प्रमोद कुमार, मंत्री, कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार करेंगे।

इस अवसर पर संजीव चौरसिया, विधायक, दीघा, संजय कुमार गुप्ता,विधायक, कुम्हरार तथा बॉबी कुमार, एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रहेगी।

इस अवसर पर मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि फिटनेस एक स्वस्थ एवं प्रगतिशील राष्ट्र की आधारशिला है। साइकिलिंग शारीरिक स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का एक सशक्त माध्यम है। फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल जैसी पहल के माध्यम से हमारा उद्देश्य नागरिकों, विशेषकर युवाओं को फिटनेस को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना तथा भारत की ओलंपिक आकांक्षाओं को साकार करने में योगदान देना है।

संडेज़ ऑन साइकिल की शुरुआत 17 दिसंबर 2024 को नई दिल्ली स्थित मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम से प्रदूषण का समाधान' संदेश के साथ हुई थी। 100 संस्करणों की यात्रा में इस पहल के माध्यम से देशभर में लगभग 40 लाख सामूहिक प्रतिभागिताएँ दर्ज की गई हैं। वर्तमान में लगभग 10,000 स्थानों पर इसका आयोजन किया जा रहा है तथा 6,000 से अधिक फिट इंडिया नमो साइकिलिंग क्लब स्थापित किए जा चुके हैं।

इस 100वें संस्करण के माध्यम से ओलंपिक के तीन मूलभूत मूल्यों उत्कृष्टता, सम्मान एवं मैत्री — को भी प्रोत्साहित किया जाएगा। भारत द्वारा वर्ष 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों और वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी की आकांक्षा के बीच इस प्रकार की पहल देश में जमीनी स्तर पर खेल संस्कृति को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784450 Articles

Share this story