गांवों में खेल और जनसेवा के जरिए नशामुक्ति का संदेश, 80 हजार से अधिक लोग जुड़े

WhatsApp Channel Join Now
गांवों में खेल और जनसेवा के जरिए नशामुक्ति का संदेश, 80 हजार से अधिक लोग जुड़े


नई दिल्ली, 24 अक्टूबर (हि.स.)। युवाओं को नशे से दूर रखने और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से माय भारत-राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) ने ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत 100 सप्ताह संकल्प अभियान’ के छठे सप्ताह के तहत देशभर के गांवों में ‘ग्राम सेवा एवं पारंपरिक खेल दिवस’ का आयोजन किया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की पहल के तहत 160 से अधिक संस्थानों और उनके गोद लिए गांवों में आयोजित कार्यक्रमों में 80 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया।

एनएसएस के 15 क्षेत्रीय निदेशालयों के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं, ग्राम पंचायत सदस्यों, बुजुर्गों और स्थानीय निवासियों ने हिस्सा लिया। दूसरे महीने की थीम ‘फिट युवा, नशामुक्त युवा : शक्ति एवं सेवा’ के तहत पारंपरिक खेल प्रतियोगिताओं और सामुदायिक सेवा गतिविधियों पर जोर दिया गया।

खेल आयोजनों में कबड्डी, खो-खो, रस्साकशी और कुश्ती जैसी प्रतियोगिताएं हुईं, जिनमें 21,500 से अधिक लोगों ने भाग लिया। वहीं, ग्राम सेवा के तहत गांवों की गलियों की सफाई, सार्वजनिक कुओं और हैंडपंपों के आसपास स्वच्छता तथा पौधरोपण अभियान चलाए गए। इन गतिविधियों में 19,800 से अधिक लोगों ने योगदान दिया।

अभियान को व्यापक स्तर पर पहुंचाने के लिए युवाओं ने #NashaMuktYuva हैशटैग के साथ सोशल मीडिया पर चार हजार से अधिक पोस्ट साझा किए। आयोजकों के अनुसार, पारंपरिक खेलों, सामुदायिक सेवा और जनजागरूकता को एक साथ जोड़ने वाली इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं में स्वस्थ आदतों, सामाजिक जिम्मेदारी और नशामुक्त समाज के प्रति सहभागिता बढ़ाना है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766288 Articles

Share this story