आईपीएल में मुंबई इंडियंस की सबसे बड़ी हार, चेन्नई ने 103 रनों की जीत दर्ज कर रचा इतिहास

WhatsApp Channel Join Now
आईपीएल में मुंबई इंडियंस की सबसे बड़ी हार, चेन्नई ने 103 रनों की जीत दर्ज कर रचा इतिहास


आईपीएल में मुंबई इंडियंस की सबसे बड़ी हार, चेन्नई ने 103 रनों की जीत दर्ज कर रचा इतिहास


मुंबई, 23 अप्रैल (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में गुरुवार को खेले गए मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने मुंबई इंडियंस को 103 रनों के बड़े अंतर से हराकर इतिहास रच दिया। वानखेड़े स्टेडियम में मिली यह जीत चेन्नई की आईपीएल इतिहास में सबसे बड़ी जीत है, वहीं मुंबई की यह सबसे बड़ी हार साबित हुई।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 207 रन बनाए। टीम की जीत के नायक संजू सैमसन रहे, जिन्होंने 54 गेंदों में नाबाद 101 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी पारी में 10 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। उनके अलावा ऋतुराज गायकवाड़ (22), डेवाल्ड ब्रेविस (21) और जेमी ओवर्टन (15) ने भी योगदान दिया।

208 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने महज 11 रन तक तीन विकेट गंवा दिए। सूर्यकुमार यादव (36) और तिलक वर्मा (37) ने 73 रनों की साझेदारी कर कुछ उम्मीद जगाई, लेकिन इसके बाद विकेटों का पतन जारी रहा। हार्दिक पांड्या सिर्फ एक रन बनाकर आउट हुए और पूरी टीम 104 रन पर सिमट गई।

गेंदबाजी में चेन्नई की ओर से अकील हुसैन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 17 रन देकर 4 विकेट झटके। उनके अलावा नूर अहमद ने 2 विकेट लिए, जबकि मुकेश चौधरी, गुरजपनीत सिंह और जेमी ओवर्टन को एक-एक सफलता मिली।

यह जीत कई रिकॉर्ड लेकर आई। चेन्नई ने मुंबई के खिलाफ सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने वाली टीम बनने का गौरव हासिल किया। वहीं रनों के अंतर से यह मुकाबला आईपीएल में चेन्नई की सबसे बड़ी जीत और मुंबई की सबसे बड़ी हार के रूप में दर्ज हो गया।

इस जीत के साथ चेन्नई सुपर किंग्स अंक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गई है, जबकि मुंबई इंडियंस आठवें स्थान पर खिसक गई है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story