विश्व स्नूकर चैंपियनशिप : कमल चावला और अमी कमानी का नॉकआउट में प्रवेश

WhatsApp Channel Join Now
विश्व स्नूकर चैंपियनशिप : कमल चावला और अमी कमानी का नॉकआउट में प्रवेश


विश्व स्नूकर चैंपियनशिप : कमल चावला और अमी कमानी का नॉकआउट में प्रवेश


- कमल ने तीनों और अमी ने चारों मैच जीते, कीर्थना पांडियान भी अंतिम दौर में पहुंचीं

इंदौर, 19 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर में चल रही आईबीएसएफ विश्व स्नूकर चैंपियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन गुरुवार को जारी रहा। स्थानीय खिलाड़ी कमल चावला और अमी कमानी ने अपने-अपने ग्रुप के सभी मुकाबले जीतकर नॉकआउट चरण में जगह बना ली है। वहीं, महिला वर्ग में भारत की कीर्थना पांडियान ने भी चारों मैच जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया।

इंदौर के यशवंत क्लब में आयोजित आईबीएसएफ विश्व स्नूकर चैंपियनशिप में गुरुवार को पुरुष वर्ग में कमल चावला ने ग्रुप एफ के तीनों मुकाबलों में जीत दर्ज की। अपने अंतिम लीग मैच में उन्होंने सिंगापुर के सनी वांग को 4-2 से हराया। मुकाबले में सनी ने उन्हें कड़ी चुनौती दी, लेकिन कमल ने बेहतर खेल दिखाते हुए जीत अपने नाम की। कमल आईबीएसएफ वर्ल्ड पुरुष सिक्स रेड स्नूकर के चैंपियन भी रह चुके हैं।

पंकज आडवाणी ने ईरानी खिलाड़ी को 4-0 से हराया

पुरुष वर्ग में 29 बार के विश्व चैंपियन पंकज आडवाणी ने ईरान के शाहिन साब्जी को एकतरफा मुकाबले में 4-0 से शिकस्त दी। पंकज ने दूसरी फ्रेम में 111 और तीसरी फ्रेम में 51 का ब्रेक लगाकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। हांगकांग चाइना के टैम युन फंग और ईरान के अली घराहगोज्लू ने भी तीन-तीन मुकाबले जीतकर अपना मजबूत प्रदर्शन जारी रखा।

दूसरी ओर, इंग्लैंड के 31 वर्षीय हार्वे चैंडलर ने भारत के अनुभवी खिलाड़ी ब्रजेश दम्मानी को 4-3 से हराया। ब्रजेश ने शुरुआती दो फ्रेम जीतकर बढ़त बनाई, लेकिन हार्वे ने तीसरी फ्रेम में 66 का ब्रेक लगाकर वापसी की। इसके बाद उन्होंने चौथी, पांचवीं और निर्णायक सातवीं फ्रेम जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। ब्रजेश ने छठी फ्रेम जीतकर स्कोर बराबर किया था।

ग्रुप एच में ईरान के अली घराहगोज्लू ने भारत के मल्कीत सिंह को 4-0 से पराजित किया। अली ने पहली फ्रेम में 56 का ब्रेक लगाया और पूरे मुकाबले में अपनी पकड़ बनाए रखी।

अमी और कीर्थना ने चारों मैच जीते

महिला वर्ग में भारतीय खिलाड़ियों ने भी दमदार प्रदर्शन किया। 24 वर्षीय कीर्थना पांडियान ने ग्रुप बी के चारों मुकाबले जीतकर शीर्ष स्थान हासिल किया। उन्होंने भारत की पूजा गुलांडिया, ईरान की सेतयेश अमिरजिमी, हांगकांग चाइना की यी टिंग चेउंग और आयरलैंड की मेगन रैंडल को हराया।

स्थानीय खिलाड़ी अमी कमानी ने ग्रुप डी में लगातार चार जीत दर्ज कीं। उन्होंने फिलीपींस की कार्मिले बुहाट, ईरान की सईदेहसाबा मुसावी, आयरलैंड की एला ओ'कॉनर और भारत की अफीफा फखरुद्दीन को शिकस्त दी। इस प्रदर्शन के साथ अमी ग्रुप में शीर्ष पर रहीं। गत चैंपियन भारत की अनुपमा रामचंद्रन ने ग्रुप ए में अब तक खेले गए दोनों मुकाबले जीते हैं।

महिला वर्ग के अन्य मैचों में हांगकांग चाइना की तो यार यान ने भारत की सान्वी शाह को 2-0 से हराया। आयरलैंड की मार्गरेट ओ'ड्रिस्कॉल ने रवीना उमा देवी को 2-1 से शिकस्त दी। हांगकांग चाइना की शिउ विंग मैन ने श्रुथी लक्ष्मीनारायणन को 2-0 से पराजित किया। इंग्लैंड की 57 वर्षीय टेसा डेविडसन ने भारत की 22 वर्षीय स्नेत्रा बाबू को 2-0 से हराया।

32 देशों के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा

प्रतियोगिता के लिए यशवंत क्लब के स्मैश हॉल में अंतरराष्ट्रीय स्तर की व्यवस्थाएं की गई हैं। यहां 10 मैच टेबल और दो अभ्यास टेबल लगाई गई हैं। सभी टेबल चीन से मंगाई गई हैं, जबकि इनके लिए प्रीमियम कपड़ा इंग्लैंड से आयात किया गया है। खिलाड़ियों और दर्शकों की सुविधा के लिए वातानुकूलित हॉल और दर्शक दीर्घा भी बनाई गई है। चैंपियनशिप में 32 देशों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता के लिए कुल 40 हजार डॉलर की पुरस्कार राशि रखी गई है। इसमें पुरुष वर्ग के लिए 25 हजार और महिला वर्ग के लिए 15 हजार डॉलर निर्धारित हैं। मुकाबलों के संचालन के लिए 25 से अधिक भारतीय और विदेशी रेफरी तैनात हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780123 Articles

Share this story