वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिपः भोपाल के कमल चावला ने विश्व चैंपियन लक्ष्मण रावत को 4-1 से हराया

WhatsApp Channel Join Now
वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिपः भोपाल के कमल चावला ने विश्व चैंपियन लक्ष्मण रावत को 4-1 से हराया


वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिपः भोपाल के कमल चावला ने विश्व चैंपियन लक्ष्मण रावत को 4-1 से हराया


- इंदौर के पीयूष कुशवाह भी अगले चरण में पहुंचे

इंदौर, 14 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित यशवंत क्लब में चल रही आईबीएसएफ वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप के क्वालीफाइंग मुकाबलों में शनिवार को भारतीय खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया है। भोपाल के कमल चावला ने दो विश्व चैंपियनों के बीच हुए मुकाबले में लक्ष्मण रावत को 4-1 से शिकस्त देकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। वहीं, इंदौर के पीयूष कुशवाह ने भी लगातार जीत दर्ज कर अगले चरण में जगह बना ली है।

क्वालीफाइंग के पहले चरण में छह भारतीय और हांगकांग के दो खिलाड़ी अपने शुरुआती तीनों मुकाबले जीतकर स्टेज-2 में पहुंचने में सफल रहे। प्रतियोगिता के दूसरे चरण के मुकाबले भी देर रात तक जारी रहे। इस दौर में खिलाड़ियों के पास मुख्य स्पर्धा में जगह बनाने का मौका है।

भारतीय बिलियर्ड्स एवं स्नूकर महासंघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में मध्य प्रदेश बिलियर्ड्स एवं स्नूकर संघ के तत्वावधान में यह प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। पुरुष वर्ग के क्वालीफाइंग दौर में कुल 48 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

शनिवार को हुए पहले चरण के मुकाबलों में इंदौर के पीयूष कुशवाह ने अपने ही राज्य के अनुराग गिरी को बेहद करीबी मुकाबले में 4-3 से हराया। वहीं, कमल चावला ने लक्ष्मण रावत को 4-1 से पराजित कर अगले चरण का रास्ता साफ किया। अन्य मुकाबलों में महाराष्ट्र के क्रिश गुरबक्शानी ने रयान रजमी को 4-2, एस. श्रीकृष्णा ने पुष्पेंद्र सिंह को 4-1 और पंजाब के रणवीर दुग्गल ने ध्रुव पटेल को 4-0 से हराया। भारत के दिग्विजय कादियान ने श्रीलंका के ताहा इरशाद को 4-3 से मात दी। हांगकांग के वांग युचेन ने अपने देश के लैंगी रयान ली को 4-1 से हराया, जबकि फू क्वोक वाई ने भारत के 16 वर्षीय आरव संचेती को 4-0 से पराजित किया।

क्वालीफाइंग के दूसरे चरण में उजैर खान ने बांग्लादेश के मोहम्मद अल अमीन को 4-2 से हराया। इस मुकाबले में उजैर ने 62 के दो और 54 का एक ब्रेक लगाया। पारस गुप्ता ने बांग्लादेश के अल्ताफ हुसैन को 4-0 से शिकस्त दी। हालांकि, आरव संचेती को हांगकांग के लैंगी रयान ली के खिलाफ 0-4 से हार का सामना करना पड़ा। रयान ली ने मुकाबले में 56, 55 और 63 के तीन शानदार ब्रेक लगाए। विजय निचानी ने ओमान के हुसैन अलावती को 4-0 से हराया। उन्होंने पहली फ्रेम में 50 का ब्रेक बनाया। लक्ष्मण रावत ने श्रीलंका के प्रताप मुरुगेसु को 4-1 से पराजित किया, जबकि इंदौर के प्रियंक जायसवाल ने इराक के अहमद मुस्तफा को 4-0 से हराकर अगले चरण की उम्मीद कायम रखी।

24 खिलाड़ी मुख्य दौर में बनाएंगे जगह

क्वालीफाइंग स्पर्धा में 48 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें से 24 खिलाड़ी मुख्य दौर के लिए क्वालीफाई करेंगे, जबकि शीर्ष 24 खिलाड़ियों को सीधे मुख्य दौर में प्रवेश दिया गया है। क्वालीफाइंग में आगे बढ़ने का एक और अवसर भी खिलाड़ियों को मिलेगा। मुख्य दौर में विश्व चैंपियन पंकज आडवाणी और केतन चावला सहित कई दिग्गज खिलाड़ी अपनी चुनौती पेश करेंगे। महिला वर्ग में इंदौर की अमी कमानी भारतीय उम्मीदों का प्रतिनिधित्व करेंगी।

चैंपियनशिप 12 से 21 नवंबर तक आयोजित की जा रही है। पुरुष वर्ग का मुख्य दौर और महिला वर्ग के मुकाबले 17 नवंबर से शुरू होंगे। प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन 16 नवंबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। वहीं, 21 नवंबर को फाइनल मुकाबलों के साथ प्रतियोगिता का समापन होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777262 Articles

Share this story