महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी: जापान को 1-0 से हराकर फाइनल में पहुंचा चीन

WhatsApp Channel Join Now
महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी: जापान को 1-0 से हराकर फाइनल में पहुंचा चीन


महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी: जापान को 1-0 से हराकर फाइनल में पहुंचा चीन


भोपाल, 27 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में चल रही महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में शुक्रवार को खेले गए पहले सेमीफाइन मुकाबले में चीन ने जापान को 1-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। मुकाबले का फैसला आखिरी मिनट में हुआ। वहीं, कोरिया ने थाईलैंड को 4-1 से शिकस्त देकर टूर्नामेंट में पांचवां स्थान हासिल किया।

अब सभी की नजरें मेजबान और मौजूदा चैंपियन भारत के सेमीफाइनल मुकाबले पर टिकी हैं। भारतीय टीम का सामना मलेशिया से होगा। भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शाम सात बजे शुरू होने वाले इस मैच में भारत की कोशिश जीत दर्ज कर फाइनल में जगह पक्की करने की होगी।

59वें मिनट में चीन ने दागा निर्णायक गोल

शुक्रवार को चीन और जापान के बीच खेला गया पहले सेमीफाइनल मुकाबला आखिरी मिनटों तक गोलरहित रहा। दोनों टीमों ने गोल करने के कई प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। मैच के 59वें मिनट में चीन की झांग हेयांग ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। यही गोल निर्णायक साबित हुआ और चीन ने फाइनल का टिकट हासिल कर लिया।

कोरिया ने थाईलैंड को 4-1 से हराया

इससे पहले पांचवें और छठे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में कोरिया ने थाईलैंड को 4-1 से पराजित किया। कोरिया की ओर से पार्क मिहयांग ने दो गोल किए, जबकि पार्क सेउंगए और जू सोयोन ने एक-एक गोल दागा। थाईलैंड के लिए इनपा कुंजिरा ने पेनल्टी स्ट्रोक पर एकमात्र गोल किया।

लीग मैच में भारत ने मलेशिया को दी थी शिकस्त

भारत और मलेशिया के बीच टूर्नामेंट में इससे पहले 19 नवंबर को लीग मुकाबला हुआ था। इसमें भारतीय टीम ने मलेशिया को 4-1 से हराया था। अब सेमीफाइनल में भी भारतीय खिलाड़ियों से इसी प्रदर्शन को दोहराने की उम्मीद होगी। हालांकि, फाइनल में पहुंचने की चुनौती के बीच मलेशिया को कम आंकना भारत के लिए भारी पड़ सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784351 Articles

Share this story