वीमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026: जापान ने मलेशिया को 3-1 से हराकर लगातार चौथी जीत दर्ज की

WhatsApp Channel Join Now
वीमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026: जापान ने मलेशिया को 3-1 से हराकर लगातार चौथी जीत दर्ज की


- मलेशिया को 3-1 से हराया; भारत की आज चीन से टक्कर

भोपाल, 24 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में चल रही वीमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में जापान का विजय अभियान जारी है। मंगलवार को खेले गए मुकाबले में जापान ने मलेशिया को 3-1 से हराकर टूर्नामेंट में लगातार चौथी जीत दर्ज की। वहीं, दिन के पहले मुकाबले में दक्षिण कोरिया ने थाईलैंड को 1-0 से शिकस्त दी।

वहीं, आज का तीसरा मुकाबला मेजबान भारतीय टीम और चीन के बीच रात 7.00 बजे से शुरू होगा। भारतीय टीम लगातार चौथी जीत के इरादे से मैदान में उतरेगी। वह अब तक अपने तीनों मैच जीतकर नौ अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर है। जापान के भी नौ अंक हैं, लेकिन वह दूसरे स्थान पर है। ऐसे में चीन के खिलाफ जीत भारत की शीर्ष स्थान पर स्थिति और मजबूत कर सकती है।

मंगलवार को खेले गए मैच में मलेशिया की टीम ने मुकाबले में गोल करने की कोशिश की, लेकिन जापान की मजबूत चुनौती के सामने उसे 1-3 से हार का सामना करना पड़ा। जापान ने पूरे मुकाबले में अपनी बढ़त बनाए रखी और अंततः तीन गोल के मुकाबले एक गोल से जीत हासिल की। लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर जापान ने खिताब की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।

कोरिया ने थाईलैंड को नहीं दिया मौका

इससे पहले दिन के पहले मुकाबले में दक्षिण कोरिया ने थाईलैंड को 1-0 से हराया। मैच का एकमात्र गोल पार्क सेउंगए ने 25वें मिनट में किया। इसके बाद थाईलैंड ने बराबरी के लिए प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। दोनों टीमों को पेनल्टी कॉर्नर के मौके मिले, मगर थाईलैंड उनका फायदा नहीं उठा सका। कोरिया ने अपनी एक गोल की बढ़त आखिर तक कायम रखी।

विश्व रैंकिंग में चीन भारत से आगे

भारत के सामने चीन की चुनौती आसान नहीं होगी। विश्व रैंकिंग में चीन चौथे और भारत सातवें स्थान पर है। चीन ओलिंपिक पदक विजेता टीम भी है। ऐसे में भारतीय खिलाड़ियों को जीत के लिए आक्रमण के साथ रक्षापंक्ति में भी बेहतर तालमेल दिखाना होगा।

समीर दाद बोले- भारत कर सकता है उलटफेर

मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी के कोच और पूर्व ओलिंपियन समीर दाद ने भारत-चीन मुकाबले को कड़ा बताया है। उनका कहना है कि विश्व रैंकिंग और अंतरराष्ट्रीय अनुभव के लिहाज से चीन मजबूत प्रतिद्वंद्वी है। हालांकि, भारत पहले एशियन गेम्स में चीन को हरा चुका है। ऐसे में भारतीय टीम इस बार भी उलटफेर करने की क्षमता रखती है।

दीपिका की ड्रैग फ्लिक पर रहेंगी निगाहें

समीर दाद के मुताबिक पेनल्टी कॉर्नर के दौरान दीपिका की भूमिका भारतीय टीम के लिए अहम हो सकती है। उनकी ड्रैग फ्लिक टीम के लिए गोल हासिल करने का बड़ा हथियार है। इसके अलावा नवनीत कौर का अनुभव और खेल की समझ तथा कप्तान सलीमा टेटे का नेतृत्व भी टीम की ताकत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782652 Articles

Share this story