मध्य प्रदेश महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के सेमीफाइनल में भारत-मलेशिया की भिड़ंत आज

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के सेमीफाइनल में भारत-मलेशिया की भिड़ंत आज


भोपाल, 27 नवंबर (हि.स.)। राजधानी की हॉकी को आज एक और बड़ी रात का इंतजार है। मध्य प्रदेश महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 में मेजबान और मौजूदा चैंपियन भारत शुक्रवार को सेमीफाइनल में मलेशिया से भिड़ेगा। नाथू बरखेड़ा के इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शाम 7 बजे शुरू होने वाला यह मुकाबला जीतने पर भारतीय बेटियां फाइनल में पहुंच जाएंगी। यानी खिताब से बस दो कदम की दूरी रह जाएगी।

लीग चरण में पांचों मैच जीतकर 15 अंकों के साथ शीर्ष पर रही टीम इंडिया अब लगातार दूसरी बार खिताब बचाने और रिकॉर्ड चौथी बार चैंपियन बनने की दहलीज पर है। घरेलू दर्शकों का समर्थन, आक्रामक खेल और मजबूत रक्षापंक्ति उसकी सबसे बड़ी ताकत हैं।

मुख्य कोच श्योर्ड मारिजने के मार्गदर्शन में टीम ने लीग चरण में एकतरफा दबदबा दिखाया। पांच मुकाबलों में 23 गोल दागे गए, जबकि विपक्षी टीमें केवल चार गोल कर सकीं। +19 का गोल अंतर टीम के संतुलन की गवाही देता है। फॉरवर्ड पंक्ति ने मौके बनाए, मिडफील्ड ने आक्रमण को गति दी और रक्षापंक्ति ने दीवार की तरह डटकर विपक्षी हमले रोके। इसी प्रदर्शन की बदौलत भारतीय महिला टीम एफआईएच रैंकिंग में ऐतिहासिक रूप से चौथे स्थान तक पहुंची है।

आक्रमण की सबसे बड़ी हथियार दीपिका रही हैं, जिनके नाम अब तक आठ गोल हैं। थाईलैंड और चीन के खिलाफ उनकी हैट्रिक ने टीम को निर्णायक बढ़त दिलाई। हालांकि गोल का जिम्मा अकेले उनके कंधों पर नहीं रहा। लालरेमसियामी, नवनीत कौर, मुमताज खान, नेहा, साक्षी राणा और सुनेलिता टोप्पो ने भी गोल कर आक्रमण को व्यापक बनाया है।

मिडफील्ड में नवनीत कौर मौके गढ़ने और पेनल्टी कॉर्नर हासिल करने में अहम रही हैं। कप्तान सलीमा टेटे अपनी तेज मूवमेंट, सटीक पासिंग और नेतृत्व से टीम को एकजुट रखे हुए हैं। सेमीफाइनल में भारत की रणनीति मिडफील्ड पर नियंत्रण रखते हुए मलेशिया की रक्षापंक्ति पर लगातार दबाव बनाने की होगी। पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलना भी मैच का निर्णायक पहलू साबित हो सकता है।

मलेशिया लीग चरण में सात अंक लेकर चौथे स्थान पर रहा। उसने चीन से 2-2 की बराबरी की, दक्षिण कोरिया को 3-1 से हराया और आखिरी लीग मैच में थाईलैंड को 4-0 से रौंदकर सेमीफाइनल का टिकट पक्का किया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि उसने थाईलैंड के खिलाफ चारों गोल आखिरी छह मिनट में दागे। यह दिखाता है कि टीम अंतिम सीटी तक हार नहीं मानती।

नुरामिराह जुल्किफ्ली चार गोल के साथ मलेशिया की प्रमुख स्कोरर हैं। नूर अजार, अजमीरा अजैरी, सिटी मोहम्मद और नूरमैजातुल स्याफी भी गोल कर चुकी हैं। भारतीय रक्षापंक्ति को पूरे 60 मिनट एकाग्र रहना होगा, खासकर आखिरी चरण में, जहां थोड़ी सी ढिलाई भारी पड़ सकती है। इसी टूर्नामेंट में 19 नवंबर को लीग चरण में भारत ने मलेशिया को 4-1 से हराया था। इस जीत से टीम का मनोबल ऊंचा है, लेकिन नॉकआउट का दबाव और हालात अलग होंगे। मलेशिया के पास फाइनल में पहुंचने का मौका है, इसलिए उससे और आक्रामक खेल की उम्मीद है। भारत को पिछले नतीजे के भरोसे नहीं, अपनी लय और अनुशासन के भरोसे उतरना होगा।

भारतीय महिला टीम 2016, 2023 और 2024 में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी जीत चुकी है। तीन खिताबों के साथ वह दक्षिण कोरिया की बराबरी पर है। चौथा खिताब जीतते ही भारत इस प्रतियोगिता की सबसे सफल टीम बन जाएगा। इस सपने का पहला पड़ाव आज का सेमीफाइनल है। घरेलू दर्शकों के सामने भारतीय बेटियों के पास अपनी श्रेष्ठता साबित करने और भोपाल को एक और यादगार हॉकी रात का गवाह बनाने का मौका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. मयंक चतुर्वेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783994 Articles

Share this story