मप्र की बेटी मान्या मिश्रा का आईएसएफ जिम्नेसियाड वर्ल्ड स्कूल गेम्स के लिए भारतीय टीम में चयन

WhatsApp Channel Join Now
मप्र की बेटी मान्या मिश्रा का आईएसएफ जिम्नेसियाड वर्ल्ड स्कूल गेम्स के लिए भारतीय टीम में चयन


मप्र की बेटी मान्या मिश्रा का आईएसएफ जिम्नेसियाड वर्ल्ड स्कूल गेम्स के लिए भारतीय टीम में चयन


भोपाल, 16 सितम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश राज्य ताइक्वांडो अकादमी की प्रतिभाशाली खिलाड़ी मान्या मिश्रा का चयन आईएसएफ जिम्नेसियाड वर्ल्ड स्कूल गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है। मान्या अंडर-63 किलोग्राम भारवर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

जनसम्पर्क अधिकारी दुर्गेश रायकवार ने बुधवार को बताया कि यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 3 से 8 दिसंबर 2026 तक रियो डी जेनेरियो, ब्राजील में आयोजित होगी। प्रतियोगिता के लिए मप्र की बेटी मान्या मिश्रा ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम में स्थान बनाया। उनका चयन 14 एवं 15 सितंबर 2026 को रायपुर में आयोजित एसजीएफआई चयन ट्रायल के माध्यम से हुआ। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने का गौरव हासिल किया है।

आईएसएफ जिम्नेसियाड वर्ल्ड स्कूल गेम्स विश्व स्तर की स्कूली खेल प्रतियोगिता है, जिसमें विभिन्न देशों के युवा खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं। ब्राजील में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में मान्या मिश्रा भारत की ओर से ताइक्वांडो स्पर्धा में अपना कौशल प्रदर्शित करेंगी।

खेल मंत्री सारंग ने दी बधाई

प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने मान्या मिश्रा के भारतीय टीम में चयन पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों का राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। मान्या का चयन अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायी है। मंत्री सारंग ने विश्वास व्यक्त किया कि मान्या अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और मध्य प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story