सीनियर कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप के लिए मप्र की खुशी का भारतीय फेंसिंग टीम में चयन

WhatsApp Channel Join Now
सीनियर कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप के लिए मप्र की खुशी का भारतीय फेंसिंग टीम में चयन


सीनियर कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप के लिए मप्र की खुशी का भारतीय फेंसिंग टीम में चयन


- 9 से 14 अगस्त तक नाइजीरिया में होगी सीनियर कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप

भोपाल, 08 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की अंतरराष्ट्रीय फेंसिंग खिलाड़ी खुशी दाभाडे का चयन सीनियर कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप-2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है। प्रतियोगिता 9 से 14 अगस्त 2026 तक नाइजीरिया में आयोजित की जा रही है। खुशी वुमेंस एपी स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। वे वर्तमान में भारतीय टीम के साथ नाइजीरिया में हैं।

जनसम्पर्क अधिकारी दुर्गेश रायकवार ने शनिवार को उक्त जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खुशी दाभाडे मध्यप्रदेश राज्य फेंसिंग अकादमी, भोपाल की खिलाड़ी हैं और वुमेंस एपी स्पर्धा में प्रतिस्पर्धा करती हैं। सीनियर कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में उनका चयन प्रदेश की फेंसिंग के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

खुशी दाभाडे इससे पहले भी कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। वर्ष 2021 में रूस के कज़ान में आयोजित एफआईई सीनियर एपी वर्ल्ड कप तथा मिस्र के काहिरा में आयोजित एफआईई एपी ग्रां प्री 2021-22 में उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व किया। वर्ष 2022 में दक्षिण कोरिया के सियोल में आयोजित सीनियर एशियन फेंसिंग चैंपियनशिप में भी वे भारतीय टीम का हिस्सा रहीं।

इस वर्ष सीनियर वुमेंस एपी वर्ल्ड कप में भी हुआ चयन

खुशी का इस वर्ष सीनियर वुमेंस एपी वर्ल्ड कप के लिए भारत की चार खिलाड़ियों में चयन हुआ था। यह प्रतियोगिता फ्रांस के सेंट-मॉर-दे-फोसे में आयोजित की गई थी। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन के चलते उन्हें एक बार फिर भारतीय टीम में जगह मिली है।

खेल मंत्री सारंग ने दी बधाई

प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने खुशी दाभाडे के भारतीय टीम में चयन पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की बेटी का अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि खुशी नाइजीरिया में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से देश और प्रदेश का नाम रोशन करेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story