सीनियर कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैम्पियनशिप-2026 में मप्र की खुशी दाभाड़े ने जीता रजत पदक

WhatsApp Channel Join Now
सीनियर कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैम्पियनशिप-2026 में मप्र की खुशी दाभाड़े ने जीता रजत पदक


भोपाल, 11 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की फेंसिंग खिलाड़ी खुशी दाभाड़े ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए नाइजीरिया में 9 से 14 अगस्त 2026 तक आयोजित सीनियर कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैम्पियनशिप-2026 की वूमेंस इपी इंडिविजुअल स्पर्धा में रजत पदक अर्जित किया है।

प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने फेंसिंग खिलाड़ी खुशी दाभाड़े को सीनियर कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैम्पियनशिप 2026 की वूमेंस इपी इंडिविजुअल स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कहा कि खुशी की यह उपलब्धि मध्यप्रदेश की खेल प्रतिभा, अथक परिश्रम और उत्कृष्ट प्रशिक्षण का गौरवशाली परिणाम है।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगा ऊंचा करने वाली खुशी ने प्रदेश की बेटियों के सामर्थ्य और आत्मविश्वास को नई पहचान दी है। मंत्री सारंग ने खुशी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश की प्रतिभाएं अब हर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी चमक बिखेर रही हैं और प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं एवं बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

विश्व मंच पर लगातार मजबूत हो रही खुशी की पहचान

खुशी दाभाड़े मध्य प्रदेश राज्य फेंसिंग अकादमी भोपाल की खिलाड़ी हैं। इसी वर्ष मई 2026 में उन्होंने फ्रांस के सेंट मॉर डेस फॉसस में आयोजित इपी वूमेंस वर्ल्ड कप फेंसिंग चैम्पियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। इसके अलावा उन्होंने इजिप्ट के कायरो में एफआईई इपी ग्रांड प्रिक्स 21/22, वर्ष 2021 में रूस के कजान में एफआई सीनियर इपी वर्ल्ड कप और वर्ष 2022 में साउथ कोरिया के सीओल में आयोजित सीनियर एशियन चैम्पियनशिप में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया था।

सीनियर कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैम्पियनशिप-2026 में मप्र की खुशी दाभाड़े ने जीता रजत पदक

नेशनल गेम्स में भी जीत चुकी हैं पदक

खुशी दाभाड़े ने राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। 37वें नेशनल गेम्स, गोआ 2023 में वूमेंस इपी टीम स्पर्धा में उन्होंने कांस्य पदक हासिल किया। वहीं खेलो इण्डिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2023 में इपी टीम स्पर्धा में तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा खुशी 30वीं और 32वीं सीनियर नेशनल फेंसिंग चैम्पियनशिप में भी पदक जीत चुकी हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story