70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंची केरल और तमिलनाडु की टीमें

WhatsApp Channel Join Now
70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंची केरल और तमिलनाडु की टीमें


- मंगलवार को होगा फाइनल मुकाबला, तीसरे स्थान के लिए होगी जम्मू-कश्मीर और उत्तर प्रदेश के बीच भिड़ंत

नरसिहंपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में चल रही 70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता 2026-27 आयु वर्ग 19 वर्ष बालक में सोमवार को हुए सेमीफाइनल मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए केरल और तमिलनाडु की टीमों ने फाइनल में प्रवेश कर लिया है। केरल ने दूसरे सेमीफाइनल में जम्मू-कश्मीर को तथा तमिलनाडु ने पहले सेमीफाइनल में उत्तर प्रदेश को 6-6 विकेट से पराजित किया।

अब मंगलवार, 17 नवंबर को खिताबी मुकाबले में केरल और तमिलनाडु के बीच भिड़ंत होगी, जबकि तीसरे स्थान के लिए जम्मू-कश्मीर और उत्तर प्रदेश की टीमें आमने-सामने होंगी।

प्रतियोगिता में सोमवार को रुद्र मैदान में आयोजित सेमीफाइनल मुकाबले के दौरान प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने पहुंचकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं एवं आयोजन को भी देखा। मंत्री सिंह एवं अन्य अतिथियों का जिला क्रीड़ा अधिकारी तथा आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा स्वागत किया गया।

केरल ने जम्मू-कश्मीर को 6 विकेट से हराया

राघव कृषि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बोहानी के स्टेडियम मैदान पर खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में केरल ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी जम्मू-कश्मीर की टीम 19.2 ओवर में 135 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से करनवीर शर्मा ने 30 गेंदों में 53 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। अथीर रफीक ने 9 गेंदों में 16 तथा काशिफ ने 20 गेंदों में 13 रन बनाए।

केरल की ओर से नभय ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट हासिल किए, जबकि अनाह और धनुष ने 2-2 विकेट लेकर जम्मू-कश्मीर की टीम को बड़ा स्कोर बनाने से रोका। लक्ष्य का पीछा करने उतरी केरल की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए जीत हासिल की। आश्मित ने 22 गेंदों में 37 रन, क्रिस ने 16 गेंदों में 24 रन तथा जतिन ने 13 गेंदों में 22 रन का योगदान दिया। केरल ने 6 विकेट शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर फाइनल में जगह बनाई।

मैच के शुभारंभ से पहले मैदान की परंपरा के अनुसार अतिथियों एवं खिलाड़ियों का बैंड दल के साथ प्रभारी अजय शर्मा एवं स्टॉफ द्वारा तिलक लगाकर स्वागत किया गया। इसके पश्चात दानवीर राघव एवं शहीद आशीष शर्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। राष्ट्रगान के बाद टॉस कराकर मुकाबले की शुरुआत हुई।

तमिलनाडु ने उत्तर प्रदेश को हराकर फाइनल में किया प्रवेश

प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल सोमवार को रुद्र मैदान गाडरवारा में तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश के बीच खेला गया। उत्तर प्रदेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट पर 112 रन बनाए। जवाब में तमिलनाडु की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 14.3 ओवर में 4 विकेट खोकर 113 रन बना लिए और 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। तमिलनाडु के मोहम्मद रजान ने 38 गेंदों में 65 रन की उत्कृष्ट पारी खेली। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि आयोजन समिति के अधिकारी-कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमियों ने भी मैदान पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

17 नवंबर को होंगे फाइनल और तीसरे स्थान के मुकाबले

प्रतियोगिता का बहुप्रतीक्षित खिताबी मुकाबला मंगलवार, 17 नवंबर को प्रातः 8:30 बजे से चीचली खेल मैदान पर केरल और तमिलनाडु के बीच खेला जाएगा। वहीं तीसरे स्थान के लिए इसी दिन प्रातः 8:30 बजे से एनटीपीसी खेल मैदान पर जम्मू-कश्मीर और उत्तर प्रदेश की टीमें मुकाबला करेंगी। दोनों ही मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों, खेलप्रेमियों एवं आयोजन से जुड़े लोगों में खासा उत्साह है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778177 Articles

Share this story