जूनियर वर्ल्ड ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए मप्र की अस्मी भारती का भारतीय टीम में चयन

WhatsApp Channel Join Now
जूनियर वर्ल्ड ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए मप्र की अस्मी भारती का भारतीय टीम में चयन


जूनियर वर्ल्ड ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए मप्र की अस्मी भारती का भारतीय टीम में चयन


भोपाल, 16 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश राज्य ताइक्वांडो अकादमी की प्रतिभाशाली खिलाड़ी अस्मी भारती उज्बेकिस्तान में आयोजित जूनियर वर्ल्ड ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। चैंपियनशिप के लिए उनका चयन भारतीय टीम में हुआ है।

मप्र के खेल विभाग ने सोमवार को जानकारी दी कि उक्त प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 12 से 16 अप्रैल तक उज्बेकिस्तान के ताशकंद में आयोजित की जाएगी। अस्मी भारती ने 13–14 मार्च को सोनीपत, हरियाणा में आयोजित अंतिम चयन ट्रायल्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्हें भारतीय टीम में स्थान मिला है, जिसके तहत वे आगामी जूनियर वर्ल्ड ताइक्वांडो चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

खेल मंत्री कैलाश सारंग ने दी शुभकामनाएं

मप्र के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने अस्मी भारती को इस उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की यह सफलता प्रदेश में खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए बनाई गई नीतियों और खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जा रही आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं का सकारात्मक परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अस्मी भारती आगामी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भारत और मध्यप्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगी।

खेल मंत्री सारंग ने कहा कि अस्मी भारती का भारतीय टीम में चयन मध्य प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। यह उपलब्धि न केवल उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है, बल्कि यह प्रदेश में विकसित हो रही खेल प्रतिभाओं की क्षमता को भी दर्शाती है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर किसी भी खिलाड़ी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण उपलब्धि होती है। उनका यह चयन प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story