मप्र राज्य हॉकी अकादमी के चार खिलाड़ियों का भारतीय टीम चयन, मस्कट में दिखाएंगे दम

WhatsApp Channel Join Now
मप्र राज्य हॉकी अकादमी के चार खिलाड़ियों का भारतीय टीम चयन, मस्कट में दिखाएंगे दम


- 20 से 25 जुलाई तक ओमान में होगी यूथ हॉकी-5 एस एशियन चैंपियनशिप–2026

भोपाल, 14 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश राज्य हॉकी अकादमी के चार खिलाड़ियों का यूथ हॉकी-5 एस एशियन चैंपियनशिप–2026 के लिए भारतीय टीम में चयन हुआ है। इनमें आयुष रजक (गोलकीपर), करण गौतम, महक परिहार (गोलकीपर) एवं नौशीन नाज़ (फॉरवर्ड) शामिल है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 20 से 25 जुलाई 2026 तक मस्कट, ओमान में आयोजित होगी।

पुरुष वर्ग की भारतीय टीम में आयुष रजक और करण गौतम का चयन हुआ है, जबकि महिला वर्ग में मध्य प्रदेश की बेटियां महक परिहार और नौशीन नाज़ भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

भारतीय टीम में चयनित इन चारों खिलाड़ियों ने हाल ही में जापान के काकामिगाहारा में आयोजित अंडर-18 एशिया कप-2026 में भी अपने शानदार प्रदर्शन से देश और मध्य प्रदेश का गौरव बढ़ाया था। पुरुष वर्ग में आयुष रजक और करण गौतम उस भारतीय टीम का हिस्सा रहे, जिसने फाइनल में शानदार जीत दर्ज कर एशिया का स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं महिला वर्ग में महक परिहार और नौशीन नाज़ ने भारतीय टीम को कांस्य पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई। विशेष रूप से नौशीन नाज़ ने पूरे टूर्नामेंट में 12 गोल दागकर टूर्नामेंट की टॉप स्कोरर बनने का गौरव हासिल किया। अंडर-18 एशिया कप में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद अब यही खिलाड़ी मस्कट में आयोजित होने वाली यूथ हॉकी-5 एस एशियन चैंपियनशिप-2026 में भारतीय टीम से एक बार फिर स्वर्णिम प्रदर्शन की उम्मीदों के साथ उतरेंगे।

मप्र के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने भारतीय टीम में चयनित प्रदेश के सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की खेल अकादमियां लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार कर रही हैं। आयुष रजक, करण गौतम, महक परिहार एवं नौशीन नाज़ का भारतीय टीम में चयन प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी खिलाड़ी मस्कट, ओमान में आयोजित यूथ हॉकी-5 एस एशियन चैंपियनशिप–2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगे तथा नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story