41वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में मप्र की दीपिका ने जीता स्वर्ण, प्रशांत ने दिलाया रजत पदक
भोपाल, 25 अक्टूबर (हि.स.)। तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 23 से 27 अक्टूबर 2026 तक आयोजित 41वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में मध्य प्रदेश एथलेटिक्स अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण और रजत पदक अपने नाम किए।
प्रतियोगिता के तीसरे दिन रविवार को बालक अंडर-20 वर्ग की 5000 मीटर रेस वॉक में प्रशांत कुमार ने रजत पदक जीता, जबकि बालिका अंडर-20 वर्ग की 3000 मीटर दौड़ में दीपिका शर्मा ने स्वर्ण पदक हासिल किया।
3000 मीटर दौड़ में दीपिका शर्मा ने जीता स्वर्ण पदक
प्रतियोगिता के तीसरे दिन रविवार शाम के सत्र में आयोजित बालिका अंडर-20 वर्ग की 3000 मीटर दौड़ में मध्य प्रदेश एथलेटिक्स अकादमी की खिलाड़ी दीपिका शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने 9 मिनट 52.58 सेकंड का समय निकालकर यह उपलब्धि हासिल की।
5000 मीटर रेस वॉक में प्रशांत कुमार ने हासिल किया रजत पदक
इससे पहले रविवार की प्रतियोगिता में आयोजित बालक अंडर-20 वर्ग की 5000 मीटर रेस वॉक स्पर्धा में मध्यप्रदेश एथलेटिक्स अकादमी के खिलाड़ी प्रशांत कुमार ने रजत पदक अपने नाम किया। उन्होंने 19 मिनट 55.56 सेकंड का समय दर्ज करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया।
खेल मंत्री कैलाश सारंग ने दी बधाई
प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि प्रदेश के युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा, मेहनत और निरंतर अभ्यास के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मध्य प्रदेश के खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगे। खिलाड़ियों की सफलता अन्य युवाओं को खेलों से जुड़ने और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

