12वीं एशियन इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 के लिए मप्र के एथलीट समरदीप सिंह का चयन

WhatsApp Channel Join Now
12वीं एशियन इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 के लिए मप्र के एथलीट समरदीप सिंह का चयन


12वीं एशियन इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 के लिए मप्र के एथलीट समरदीप सिंह का चयन


- अंतरराष्ट्रीय मंच पर करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व

भोपाल, 08 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश एथलेटिक्स अकादमी के प्रतिभावान एथलीट समरदीप सिंह का चयन एशियाई इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के 12वें संस्करण के लिए भारतीय टीम में किया गया है। चीन के तियानजिन शहर में आयोजित इस प्रतियोगिता में वे देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

खेल विभाग द्वारा गुरुवार को जानकारी दी गई कि यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 6 से 8 फरवरी 2026 के बीच चीन के तियानजिन शहर में आयोजित की जाएगी। इस चैंपियनशिप में एशिया के शीर्ष एथलीट भाग लेते हैं, जहाँ चयनित होना अपने आप में उच्च स्तरीय प्रदर्शन और निरंतर मेहनत का प्रमाण माना जाता है।

राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावशाली प्रदर्शन और तकनीकी दक्षता के दम पर समरदीप सिंह ने चयनकर्ताओं का विश्वास अर्जित किया है। उनका यह चयन दर्शाता है कि वे न केवल घरेलू प्रतियोगिताओं में बल्कि अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में भी चुनौती देने की पूरी क्षमता रखते हैं।

समरदीप की यह उपलब्धि मध्य प्रदेश एथलेटिक्स एकेडमी में उपलब्ध आधुनिक प्रशिक्षण ढांचे, खेल विज्ञान आधारित अभ्यास, अनुभवी कोचिंग स्टाफ और निरंतर परफॉर्मेंस मॉनिटरिंग का प्रत्यक्ष परिणाम है।

प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने समरदीप सिंह को बधाई देते हुए कहा कि उनका एशियन इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए चयन मध्य प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उनका यह चयन प्रदेश की उभरती अंतरराष्ट्रीय खेल क्षमता को दर्शाता है। हमें विश्वास है कि वे अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और राज्य का नाम रोशन करेंगे।”

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Share this story