नेशनल अंडर-9 गर्ल्स शतरंज चैंपियनशिप में मुरादाबाद की अलिश्बा आजम का शानदार प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
नेशनल अंडर-9 गर्ल्स शतरंज चैंपियनशिप में मुरादाबाद की अलिश्बा आजम का शानदार प्रदर्शन


जिला शतरंज स्पोर्ट्स एसोसिएशन मुरादाबाद के अध्यक्ष चंद्रकांत सरन ने दी जानकारी

मुरादाबाद, 14 जुलाई (हि.स.)। पीतलनगरी मुरादाबाद की अलिश्बा आजम ने राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। अलिश्बा ने रांची में 7 से 13 जुलाई तक आयोजित 39 वीं नेशनल अंडर-9 गर्ल्स शतरंज चैंपियनशिप में 11 में से 6 अंक हासिल किए।

जिला शतरंज स्पोर्ट्स एसोसिएशन मुरादाबाद के अध्यक्ष चंद्रकांत सरन ने बताया कि ऑल झारखंड शतरंज एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में देश भर के करीब 159 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। अनरेटेड खिलाड़ी होने के बावजूद अलिश्बा ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए दो रेटेड खिलाड़ियों को हराया।

उन्होंने तेलंगाना की शेख शाज्वा (रेटिंग 1463) और तमिलनाडु की लेकसरी यू (रेटिंग 1432) को पराजित किया, जबकि असम की तनिष्का (रेटिंग 1442) के साथ मुकाबला ड्रॉ रहा। प्रतियोगिता में अलिश्बा को 65वां स्थान मिला। इसके साथ ही उन्हें टॉप-100 बोर्ड्स पर खेलने के लिए ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। उनकी इस उपलब्धि पर शतरंज खिलाड़ियों एवं एसोसिएशन में खुशी है।

जिला शतरंज स्पोर्ट्स एसोसिएशन मुरादाबाद के अध्यक्ष चंद्रकांत सरन, सचिव प्रमोद विष्ट, उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष कवलप्रीत खुराना आदि ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story