मुरादाबाद सिटी टाइटंस ने सोनकपुर स्टेडियम टीम को दो विकेट से हराया

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद सिटी टाइटंस ने सोनकपुर स्टेडियम टीम को दो विकेट से हराया


मुरादाबाद, 18 जून (हि.स.)। ब्राससिटी अंडर 16 क्रिकेट टूर्नामेंट में गुरुवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस सोनकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम के मैदान पर खेले गए रोमांचक मुकाबले में मुरादाबाद सिटी टाइटंस ने सोनकपुर स्टेडियम टीम को दो विकेट से हराया। तीन विकेट लेने वाले मुरादाबाद सिटी के कार्तिक को मैन ऑफ द मैच चुना गया वहीं 41 रन की पारी खेलने वाले विवेक को गेम चेंजर अवॉर्ड दिया गया।

मुरादाबाद डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव व पूर्व रणजी खिलाडी विजय गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सोनकपुर स्टेडियम की टीम 29.3 ओवर में 159 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से हर्षवर्धन ने 79 गेंदों पर 56 रन और कुमार अभिमन्यु ने 22 गेंदों में 24 रन बनाए। हालांकि कार्तिक की सटीक गेंदबाजी के आगे सोनकपुर स्टेडियम के बल्लेबाज खुलकर नहीं खेल सके। कोहिनूर और सक्षम ने भी दो-दो विकेट लेकर उनका अच्छा साथ दिया। 160 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुरादाबाद सिटी टाइटंस ने 23.2 ओवर में आठ विकेट खोकर जीत दर्ज कर ली। विवेक ने 31 गेंदों में 41 रन और अभिजीत ने 16 गेंदों पर 35 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। सोनकपुर स्टेडियम की ओर से हर्षित ने तीन और विशाल ने दो विकेट लिए लेकिन उनकी मेहनत टीम को जीत नहीं दिला सकी। मैच में तीन विकेट लेकर टीम की जीत की मजबूत नींव रखने वाले कार्तिक को मैन ऑफ द मैच चुना गया। जबकि विवेक को उनकी 41 रन की पारी के लिए गेम चेंजर अवॉर्ड प्रदान किया गया।

इस दौरान मिर्जा दानिश आलम, मोहम्मद सलीम, विजय तमांग, अमन लिट, चमन, प्रियांशु जोशी, ईशा दानिश, प्रतीक्षा और रोहित सहित कई खेल प्रेमी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story