आर्मी इंटर कमांड एथलेटिक्स चैपियनशिप में मुरादाबाद के अभय ने जीता कांस्य
18 से 22 जुलाई तक हैदराबाद के माखन सिंह स्टेडियम में आयोजित हुई चैपियनशिप
मुरादाबाद, 23 जुलाई (हि.स.)। मुरादाबाद जिले के खिलाड़ियों ने 18 से 22 जुलाई तक हैदराबाद के माखन सिंह स्टेडियम में आयोजित आर्मी इंटर कमांड एथलेटिक्स चैपियनशिप में शानदार प्रदर्शन किया। इनमें अभय चौधरी ने चार गुणा 400 मीटर रिले रेस में तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक अपने नाम किया। इसी प्रतियोगिता में मुरादाबाद के ही यश तोमर ने 200 मीटर रेस में प्रतिभाग किया और कड़े मुकाबले के बीच पांचवां स्थान हासिल किया।
इसके साथ ही अभय चौधरी ने 400 मीटर व्यक्तिगत रेस में भी हिस्सा लिया। जहां 48 सेकंड का समय निकालते हुए वह चौथे स्थान पर रहे। दोनों खिलाड़ी पिछले वर्ष खेल कोटे से भारतीय सेना में भर्ती हुए हैं। यह उनका आर्मी स्तर का पहला बड़ा प्रतियोगिता अनुभव रहा। प्रतियोगिता के दौरान उन्हें के अंतरराष्ट्रीय स्तर खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का भी अवसर मिला।
अभय चौधरी के पिता कुलदीप सिंह व यश तोमर के पिता राजीव तोमर और कोच गौरव कश्यप ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह शुरुआत है। दोनों आगे बड़े स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

