इटावा में आधुनिक शूटिंग रेंज का उद्घाटन, खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच

WhatsApp Channel Join Now
इटावा में आधुनिक शूटिंग रेंज का उद्घाटन, खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच


इटावा, 10 अप्रैल (हि.स.)। इटावा स्थित एमनीव विज़न स्कूल में शुक्रवार को अत्याधुनिक शूटिंग रेंज का भव्य उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद और अंतरराष्ट्रीय शूटर श्याम सिंह यादव मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक और गणमान्य अतिथि शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसके बाद विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। इसके बाद मुख्य अतिथि ने विधिवत रूप से शूटिंग रेंज का उद्घाटन किया।

अपने संबोधन में श्याम सिंह यादव ने कहा कि शूटिंग केवल एक खेल नहीं, बल्कि एकाग्रता, अनुशासन और धैर्य का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेलों में भी उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि इस तरह की आधुनिक सुविधाएं युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने में मदद करेंगी।

इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय शूटर चंद्रमोहन तिवारी, समाजसेवी अनिल यादव, किशन यादव, राजीव यादव, वरिष्ठ खेल पत्रकार रणवीर सिंह सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन की ओर से वाइस चेयरमैन डॉ. विकास यादव और मैनेजिंग डायरेक्टर सलिल यादव भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

के.के. डिग्री कॉलेज के प्राचार्य महेंद्र सिंह यादव ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ तकनीकी और व्यावहारिक कौशल का विकास बेहद जरूरी है। वहीं, विद्यालय के चेयरमैन अतीवीर सिंह ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को हर क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य पंकज शर्मा ने इसे संस्थान के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि यह पहल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस नई सुविधा से क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story