पाकिस्तान टीम की टेस्ट कोचिंग पर माइक हेसन बोले- मौका मिला तो जिम्मेदारी संभालने को तैयार

WhatsApp Channel Join Now
पाकिस्तान टीम की टेस्ट कोचिंग पर माइक हेसन बोले- मौका मिला तो जिम्मेदारी संभालने को तैयार


पाकिस्तान टीम की टेस्ट कोचिंग पर माइक हेसन बोले- मौका मिला तो जिम्मेदारी संभालने को तैयार


नई दिल्ली, 13 सितंबर (हि.स.)। सफेद गेंद के कोच माइक हेसन ने पाकिस्तान टेस्ट टीम की पूर्णकालिक कोचिंग की जिम्मेदारी मिलने की स्थिति में काम करने की इच्छा जताई है। हालांकि, हेसन ने स्पष्ट किया कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान पाकिस्तान की सीमित ओवरों की टीम पर है।

हेसन को इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए तीसरे टेस्ट के लिए पाकिस्तान की टेस्ट टीम के साथ जोड़ा गया था। सीरीज के तीसरे टेस्ट से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने बड़ा बदलाव करते हुए सरफराज अहमद को कोचिंग जिम्मेदारी से हटा दिया और सात खिलाड़ियों को भी घर भेज दिया। इंग्लैंड के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में पाकिस्तान का 0-3 से सफाया हो गया।

क्रिकबज के अनुसार एजबेस्टन टेस्ट के बाद पत्रकारों से बातचीत में हेसन ने कहा कि उन्होंने अभी तक पाकिस्तान की टेस्ट टीम के पूर्णकालिक कोच बनने के बारे में गंभीरता से विचार नहीं किया है, लेकिन अगर ऐसा अवसर मिलता है तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं होगी।

उन्होंने कहा कि मैंने अभी तक इस बारे में सोचा भी नहीं है। अभी एशियाई खेल शुरू होने वाले हैं और सफेद गेंद क्रिकेट के लिहाज से फिलहाल मेरा मुख्य ध्यान उसी पर है। जब तक वह समय आएगा, तब तक मुझे यकीन है कि हम टेस्ट टीम के भविष्य को लेकर कुछ चर्चा कर चुके होंगे।

उन्होंने आगे कहा कि मुझे टेस्ट क्रिकेट बहुत पसंद है और मुझे लगता है कि पाकिस्तान के सिस्टम में काफी प्रतिभा है। अगर हम उन्हें सही दिशा दिखा सकें, तो हम काफी आगे बढ़ सकते हैं। लेकिन जाहिर है, ऐसा एक-दो मैचों में नहीं होगा। फिर भी, मुझे लगता है कि वहां कुछ ऐसा हुनर है जिस पर मैं जरूर ध्यान देना चाहूंगा।

हेसन ने यह भी खुलासा किया कि न्यूजीलैंड सीरीज के बाद इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने उनसे टेस्ट टीम का कोच बनने को लेकर संपर्क किया था। हालांकि, उन्होंने पाकिस्तान के साथ अपनी प्रतिबद्धता को प्राथमिकता दी।

हेसन ने बताया कि उनके एजेंट ने उनसे इंग्लैंड की ओर से आए प्रस्ताव को लेकर बातचीत की थी, लेकिन उन्होंने साफ कर दिया कि वह पाकिस्तान के साथ अपने मौजूदा कार्यकाल को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

हेसन ने यह भी कहा कि वह सिर्फ नौकरी पाने के लिए नौकरी करने में विश्वास नहीं रखते। मैंने कभी इस तरह से काम नहीं किया है। जिन पदों पर मैंने काम किया है, उनमें से ज्यादातर में मैंने पांच-छह साल बिताए हैं। मैं एक काम पूरा करता हूं, फिर थोड़ा ब्रेक लेता हूं, खुद को तरोताजा करता हूं और उसके बाद कुछ नया करने की कोशिश करता हूं। यही मेरे काम करने का तरीका है।

इंग्लैंड दौरा पाकिस्तान के लिए बेहद निराशाजनक रहा और टीम को टेस्ट सीरीज में 0-3 से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, एजबेस्टन में पाकिस्तान के प्रदर्शन में कुछ सकारात्मक पहलू देखने को मिले।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Share this story