ऑल इंग्लैंड ओपन 2026 के फाइनल में लक्ष्य सेन उपविजेता, लिन चुन-यी ने जीता खिताब
बर्मिंघम, 08 मार्च (हि.स.)। भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन को ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 के पुरुष एकल फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। रविवार को बर्मिंघम में खेले गए मुकाबले में उन्हें चीनी ताइपे के लिन चुन-यी ने 21-15, 22-20 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया।
करीब 57 मिनट तक चले इस रोमांचक मुकाबले में लक्ष्य सेन ने कड़ा संघर्ष किया, लेकिन निर्णायक क्षणों में लिन ने बेहतर खेल दिखाते हुए जीत हासिल कर ली। मुकाबले के दौरान लक्ष्य सेन दाएं पैर की उंगलियों में पड़े छालों के बावजूद कोर्ट पर डटे रहे और पूरे जोश के साथ खेलते नजर आए।
पहले गेम में लिन चुन-यी ने तेज और आक्रामक खेल दिखाते हुए शुरुआत से ही बढ़त बना ली। हालांकि लक्ष्य सेन ने कुछ अच्छे अंक लेकर वापसी की कोशिश की, लेकिन लिन ने दबाव बनाए रखते हुए पहला गेम 21-15 से अपने नाम कर लिया।
दूसरे गेम में लक्ष्य सेन ने शानदार वापसी की और कुछ समय तक मुकाबले पर पकड़ भी बनाई। उन्होंने लंबी रैलियों और आक्रामक शॉट्स के जरिए बढ़त हासिल की, लेकिन अंत के क्षणों में लिन ने लगातार अंक जुटाकर स्कोर बराबर कर दिया। मुकाबला दो बार ड्यूस तक पहुंचा, जहां लिन ने धैर्य बनाए रखते हुए 22-20 से गेम और मैच जीत लिया।
इस जीत के साथ लिन चुन-यी ऑल इंग्लैंड ओपन बैटमिंटन चैंपियनशिप के पुरुष एकल खिताब जीतने वाले चीनी ताइपे के पहले खिलाड़ी बन गए। वहीं लक्ष्य सेन ने शानदार प्रदर्शन के बावजूद इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में दूसरी बार उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

