खेलो इंडिया विंटर गेम्स 2026: पहले दिन सेना का दबदबा, हिमाचल और सीआरपीएफ ने भी जीते स्वर्ण
गुलमर्ग, 23 फरवरी (हि.स.)। खेले इंडिया विंटर गेम्स के गुलमर्ग चरण की शुरुआत सेना के दमदार प्रदर्शन के साथ हुई। पहले दिन दांव पर लगे पांच स्वर्ण पदकों में से तीन पर सेना ने कब्जा जमाया, जबकि हिमाचल प्रदेश और सीआरपीएफ ने भी स्वर्ण जीतकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
नॉर्डिक स्कीइंग (क्रॉस-कंट्री) में सेना के सनी सिंह ने पुरुष स्प्रिंट स्पर्धा में पहला स्वर्ण पदक जीता। कठुआ के इस खिलाड़ी ने हाई एल्टीट्यूड वारफेयर स्कूल, गुलमर्ग में प्रशिक्षण लिया है और सोमवार को उन्होंने सेना के लिए 1-2-3 की ऐतिहासिक बढ़त दिलाई।
महिला 15 किमी नॉर्डिक स्कीइंग में सीआरपीएफ की काजल कुमारी राय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। मेघालय की काजल ने इस जीत को अपने दिवंगत पिता को समर्पित किया। सीआरपीएफ की रेनू डानू ने रजत पदक जीता, जबकि कर्नाटक की अनुभवी भावना थेक्कडा नंजुंडा को कांस्य से संतोष करना पड़ा।
अल्पाइन स्कीइंग में हिमाचल प्रदेश की संध्या ठाकुर ने कोंगडूरी ढलानों पर कड़ी टक्कर में आंचल ठाकुर को पछाड़कर स्वर्ण पदक जीता। 17 वर्षीय जिया आर्यन (कर्नाटक) ने कांस्य पदक हासिल कर भविष्य की संभावनाओं का संकेत दिया।
उद्घाटन समारोह में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने खिलाड़ियों से अमेरिकी दिग्गज स्कीयर मिकाएला शिफ्रिन
और भारत के ओलंपियन आरिफ खान से प्रेरणा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि ये खेल राष्ट्रीय एकता का प्रतीक हैं और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में तकनीकी कौशल दिखाने का बेहतरीन मंच हैं।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुला ने गुलमर्ग को ‘ऑल-वेदर’ अंतरराष्ट्रीय स्की गंतव्य बनाने के लिए कृत्रिम बर्फ उत्पादन की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण बर्फबारी पर निर्भर रहना कठिन हो गया है और बेहतर बुनियादी ढांचे का निर्माण समय की मांग है।
गुलमर्ग में इस सप्ताह असामान्य गर्मी के चलते बर्फ पिघलने की स्थिति बनी हुई है, जिससे आयोजकों के सामने चुनौतियां भी हैं। बावजूद इसके, पहले दिन का रोमांचक प्रदर्शन यह संकेत देता है कि 2026 संस्करण रोमांच और प्रतिस्पर्धा से भरपूर रहने वाला है।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

