दिल्ली को ग्लोबल स्पोर्ट्स हब बनाने पर चर्चा, कपिल देव ने दिया सहयोग का भरोसा

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली को ग्लोबल स्पोर्ट्स हब बनाने पर चर्चा, कपिल देव ने दिया सहयोग का भरोसा


नई दिल्ली, 13 मई (हि.स.)। भारत के महान क्रिकेटर और प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (पीजीटीआई) के अध्यक्ष कपिल देव ने बुधवार को दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू से मुलाकात की। इस दौरान राजधानी दिल्ली को विश्वस्तरीय ग्लोबल सिटी के रूप में विकसित करने में गोल्फ की संभावित भूमिका पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में पीजीटीआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमनदीप जोहल भी मौजूद रहे। उपराज्यपाल ने दिल्ली सरकार की उन योजनाओं और पहलों का जिक्र किया, जिनका उद्देश्य राजधानी की अंतरराष्ट्रीय पहचान और वैश्विक प्रतिष्ठा को मजबूत करना है। उन्होंने इस दिशा में कपिल देव से सहयोग की अपील भी की।

कपिल देव ने कहा कि दिल्ली में गोल्फ के विकास के लिए मजबूत आधार पहले से मौजूद है और वह ऐसे किसी भी प्रयास में अपना समय और सहयोग देने के लिए तैयार हैं, जो राजधानी की वैश्विक छवि को बेहतर बनाने में मदद करे। उन्होंने कहा कि खेल किसी भी शहर की अंतरराष्ट्रीय पहचान को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बन सकता है।

बैठक के दौरान कपिल देव ने उपराज्यपाल को सिख गुरुद्वारों पर आधारित एक विशेष पुस्तक भी भेंट की, जिसे उन्होंने अपने लिए बेहद खास बताया।

चर्चा में दिल्ली के प्रमुख गोल्फ केंद्रों का भी उल्लेख हुआ। इनमें दिल्ली गोल्फ क्लब प्रमुख रहा, जहां प्रतिष्ठित इंडिया चैंपियनशिप आयोजित होती है और दुनिया के कई नामी गोल्फर हिस्सा लेते हैं। इसके अलावा कुतुब गोल्फ कोर्स में हाल ही में पीजीटीआई प्लेयर्स चैंपियनशिप का सफल आयोजन किया गया था। वहीं, द्वारका में प्रस्तावित नए गोल्फ विकास परियोजना पर भी चर्चा हुई, जिसे दिल्ली विकास प्राधिकरण आगे बढ़ा रहा है।

अमनदीप जोहल ने कहा कि भारतीय गोल्फ के विकास में दिल्ली की भूमिका बेहद अहम है। उनके अनुसार, मौजूदा सुविधाओं और नई परियोजनाओं के जरिए राजधानी पेशेवर गोल्फ प्रतियोगिताओं का बड़ा केंद्र बन सकती है। बैठक में खेल, पर्यटन, आतिथ्य और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों को जोड़कर दिल्ली को वैश्विक खेल राजधानी के रूप में स्थापित करने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story