कानपुर में 5 अक्टूबर से होगा बेबी गेम्स 2026, 5 हजार से अधिक बच्चे लेंगे हिस्सा

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर में 5 अक्टूबर से होगा बेबी गेम्स 2026, 5 हजार से अधिक बच्चे लेंगे हिस्सा


कानपुर में 5 अक्टूबर से होगा बेबी गेम्स 2026, 5 हजार से अधिक बच्चे लेंगे हिस्सा


कानपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। भारत के 2036 ओलंपिक विजन की दिशा में बच्चों को कम उम्र से खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से कानपुर में छह दिवसीय बेबी गेम्स 2026 का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता 05 से 10 अक्टूबर तक ग्रीन पार्क स्टेडियम में होगी, जिसमें तीन से साढ़े आठ वर्ष तक के बच्चे विभिन्न खेलों में हिस्सा लेंगे।

कानपुर ओलंपिक एसोसिएशन की ओर से उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन के सहयोग और क्रीड़ा भारती के समर्थन से आयोजित इस खेल महोत्सव में बच्चों को अलग-अलग खेलों को आजमाने और अपनी पसंद की गतिविधि पहचानने का अवसर मिलेगा। इस आयोजन में 5,000 से अधिक बच्चे शामिल होंगे, जबकि 450 से अधिक स्कूलों के इस पहल से जुड़ने की संभावना है।

प्रतियोगिता में बच्चों को तीन आयु वर्गों में बांटा गया है। पहला वर्ग 3 से 4.5 वर्ष, दूसरा 4.5 से 6.5 वर्ष और तीसरा 6.5 से 8.5 वर्ष के बच्चों का होगा। उम्र के अनुसार दौड़ की दूरी, उपकरण और टीम के आकार में बदलाव किया गया है। आयोजन का शुभंकर ‘गज्जू’ हाथी है।

सबसे छोटे आयु वर्ग के बच्चों के लिए 20 और 40 मीटर दौड़, स्टैंडिंग जंप, बॉल थ्रो और प्लास्टिक भाला फेंक जैसी एथलेटिक्स स्पर्धाएं रखी गई हैं। इसके अलावा फुटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, साइकिलिंग, कराटे, योग, जिम्नास्टिक, तैराकी और प्लास्टिक धनुष से तीरंदाजी समेत कई खेल शामिल हैं।

4.5 से 6.5 वर्ष के बच्चों के लिए 30, 50 और 100 मीटर दौड़, ब्रॉड जंप, बॉल थ्रो, प्लास्टिक भाला फेंक, मेडिसिन बॉल थ्रो, लो हर्डल्स और बॉल रिले जैसी स्पर्धाएं होंगी। इस वर्ग में खो-खो, हैंडबॉल, थ्रोबॉल, चढ़ाई, रस्साकशी, भारोत्तोलन, पावरलिफ्टिंग, मिनी गोल्फ, बास्केटबॉल, क्रिकेट सहित कई अन्य खेल भी रखे गए हैं।

6.5 से 8.5 वर्ष के बच्चों के लिए 50, 80 और 100 मीटर दौड़ के साथ लंबी कूद, ऊंची कूद, लो हर्डल्स, बॉल थ्रो, भाला फेंक और रिले रेस होंगी। इस वर्ग में शतरंज के साथ अन्य खेलों को भी शामिल किया गया है।

बेबी गेम्स 2026 के संयोजक तुषार सैनी ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य बच्चों को कम उम्र से खेलों का अनुभव देना है। उनके अनुसार इस उम्र में भागीदारी उतनी ही महत्वपूर्ण है जितना प्रदर्शन। बच्चों को अलग-अलग खेल आजमाने और अपनी रुचि पहचानने का अवसर देने के साथ खेल के प्रति सकारात्मक जुड़ाव विकसित करना आयोजन की प्राथमिकता है।

आयोजकों के अनुसार, पंजीकरण शुल्क 250 रुपये प्रति खेल रखा गया है और एक बच्चा अपने आयु वर्ग में उपलब्ध खेलों में से अधिकतम पांच खेलों में भाग ले सकता है। प्रतिभागियों को पदक और प्रमाणपत्र दिए जाएंगे। कार्यक्रम में बच्चों और अभिभावकों के लिए ‘फैमिली रन विद बेबी’ भी आयोजित की जाएगी।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story