हिमाचल की गोल्डन गर्ल सीमा का एक और धमाका, एशियन गेम्स में 10 हजार मीटर में जीता कांस्य

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल की गोल्डन गर्ल सीमा का एक और धमाका, एशियन गेम्स में 10 हजार मीटर में जीता कांस्य


धर्मशाला, 24 सितंबर (हि.स.)।

चंबा की उड़नपरी और धर्मशाला के साई केंद्र की धाविका सीमा ने अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर हिमाचल का गौरव बढ़ाया है। जापान के आइची-नागोया में आयोजित 20वीं एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में सीमा ने महिलाओं की 10 हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता। इस स्पर्धा में भारत को 16 साल बाद महिला वर्ग में पदक मिला है। सीमा की इस उपलब्धि से धर्मशाला स्थित साई केंद्र में भी खुशी का माहौल है।

चंबा की रहने वाली सीमा के अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने के सफर की नींव धर्मशाला के साई केंद्र में ही पड़ी थी। यहां प्रशिक्षण के दौरान उनकी प्रतिभा को एथलेटिक्स कोच केएस पटियाल ने तराशा। कठिन प्रशिक्षण और लगातार मेहनत के दम पर सीमा ने राष्ट्रीय और युवा स्तर की कई प्रतियोगिताओं में पदक अपने नाम किए और राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी कायम किए।

सीमा ने वर्ष 2016 में अंडर-16 वर्ग की दो हजार मीटर दौड़ में 6 मिनट 27.13 सेकेंड का समय निकालकर राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। इसके बाद भी उनका पदक और रिकॉर्ड बनाने का सिलसिला जारी रहा। वर्ष 2025 में उन्होंने 5000 मीटर शॉर्ट ट्रैक में 15 मिनट 39.26 सेकेंड का राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। इसी वर्ष 25 किलोमीटर दौड़ में भी राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

सीमा की इस उपलब्धि पर उनके प्रशिक्षक केएस पटियाल ने खुशी जताते हुए कहा कि सीमा ने धर्मशाला में प्रशिक्षण के दौरान जिस मेहनत और अनुशासन का परिचय दिया था, उसका परिणाम आज अंतरराष्ट्रीय मंच पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि सीमा की उपलब्धि हिमाचल के युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणादायी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story