साई केंद्र धर्मशाला में कबड्डी खिलाड़ियों के ट्राॅयल 15 और 16 जुलाई को

WhatsApp Channel Join Now

धर्मशाला, 08 जुलाई (हि.स.)। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र, धर्मशाला द्वारा कबड्डी खेल में बालिका खिलाड़ियों के लिए 15 से 16 जुलाई तक चयन परीक्षण आयोजित किए जाएंगे।

सहायक निदेशक, राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र धर्मशाला ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों को एसएआई के आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा उच्च स्तरीय कोचिंग, खेल किट, आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं एवं उपकरण, प्रतियोगिताओं में भागीदारी, शैक्षणिक सहायता, निःशुल्क चिकित्सा सुविधाएं तथा खेल विज्ञान विशेषज्ञों का सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि चयन परीक्षण के लिए रिपोर्टिंग 15 जुलाई, 2026 को प्रातः 8 बजे होगी। चयन परीक्षण में अंडर-18 आयु वर्ग की वे खिलाड़ी पात्र होंगी जिनकी जन्मतिथि 1 अप्रैल, 2008 से 31 मार्च, 2010 के बीच हो। इसके अतिरिक्त 19-20 वर्ष आयु वर्ग की उत्कृष्ट खिलाड़ी (जन्मतिथि 1 अप्रैल, 2006 से 31 मार्च, 2007 के बीच) भी आवेदन कर सकती हैं। हालांकि चयन प्रक्रिया में 16 से 18 वर्ष आयु वर्ग की पात्र खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी जाएगी।

खेल उपलब्धि के रूप में अभ्यर्थी का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पदक विजेता होना अथवा भारतीय कबड्डी महासंघ से मान्यता प्राप्त अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं, सब-जूनियर, जूनियर, अंडर-18 राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप, स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई), अंडर-17 राष्ट्रीय चैंपियनशिप, खेलो इंडिया यूथ गेम्स अथवा सीनियर राष्ट्रीय कबड्डी चैंपियनशिप जैसी प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त होना आवश्यक है।

चयन परीक्षण भारतीय खेल प्राधिकरण, राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र, खेल परिसर, निकट क्रिकेट स्टेडियम, धर्मशाला में आयोजित होगा। अभ्यर्थियों को रिपोर्टिंग के समय स्वप्रमाणित फोटो प्रतियों के साथ जन्मतिथि प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, खेल उपलब्धि प्रमाण पत्र, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र तथा चार पासपोर्ट आकार के फोटो सहित मूल दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story