आईपीएल सीजन से पूर्व पंजाब किंग्स के खिलाड़ियों ने धर्मशाला में शुरू की प्रैक्टिस

WhatsApp Channel Join Now
आईपीएल सीजन से पूर्व पंजाब किंग्स के खिलाड़ियों ने धर्मशाला में शुरू की प्रैक्टिस


धर्मशाला, 05 मार्च (हि.स.)। आई.पी.एल. सीजन-2026 के शुरू होने से पहले अपने दूसरे होम ग्राऊंड एच.पी.सी.ए. क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में पंजाब किंग्स की टीम ने वीरवार से शुरू हुए प्रैक्टिस कैंप के साथ अपनी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में वीरवार दोपहर करीब 12 बजे टीम के खिलाड़ियों ने मैदान में उतरकर अभ्यास शुरू किया। पहले दिन पंजाब किंग्स के 8 खिलाड़ी प्रैक्टिस सत्र में शामिल रहे।

इनमें टीम के खिलाड़ी प्रभसिमरन सिंह, प्रवीण दुवे, हरप्रीत बराड़, हरनूर, विष्णु विनोद, विशाल निषाद व अन्य ने शामिल होकर यहां की परिस्थितियों को भांपते हुए सीजन में आने वाले मैचों के लिए खुद को एक मजबूत टीम के रूप में पेश करने की तैयारियां शुरू की। सबसे पहले स्टेडियम पंहुचकर खिलाड़ियों ने मैदान पर उतरकर वाॅर्मअप किया। जिसके बाद टीम खिलाड़ियों द्वारा गेंदबाजी और बल्लेबाजी का अभ्यास करते हुए हर चीज का बारीकी से फोक्स किया गया।

गौरतलब है कि इस दौरान पंजाब किंग्स की टीम 6 दिनों तक धर्मशाला में अभ्यास करते हुए अपनी तैयारियों को मजबूती देगी। जबकि इस पूरे प्रैक्टिस शैड्यूल के तहत हर दिन टीम के स्वदेशी खिलाड़ी अपनी टीम के साथ जुड़ते हुए प्रैक्टिस सैशन में भाग लेंगे। उधर हालांकि अभी तक आईपीएल 2026 सीजन के मैचों का शेड्यूल अभी आया नही है। ऐसे में इस बार धर्मशाला को कितने मैच मिलेंगे यह देखना दिलचस्प रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story