भाारत अफगान मैच से पहले भगवान इन्द्रूनाग के दरबार पहुंचे सांसद अनुराग ठाकुर और एचपीसीए पदाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
भाारत अफगान मैच से पहले भगवान इन्द्रूनाग के दरबार पहुंचे सांसद अनुराग ठाकुर और एचपीसीए पदाधिकारी


धर्मशाला, 12 जून (हि.स.)। भारत और अफ़ग़ानिस्तान के बीच कल शनिवार को खेले जाने वाले एक दिवसीय मैच से पहले शुक्रवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर एचपीसीए पदाधिकारियों के साथ भगवान इन्द्रुनाग के दरबार पहुंचे। इस दौरान मैच के सफल आयोजन और मौसम साफ रखने की मन्नत मांगते हुए उन्होंने यहां विशेष पूजा अर्चना एवं प्रार्थना की। इस दौरान एचपीसीए के उपाध्यक्ष विजय भंडारी, सचिव मनुज शर्मा, कोषाध्यक्ष विक्रम ठाकुर, सचिव विशाल शर्मा तथा पूर्व सचिव अवनीश परमार सहित कई अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। इस मौके पर एचपीसीए ने शनिवार 13 जून को धर्मशाला में खेले जाने वाले एक दिवसीय मैच के सफल आयोजन के लिए प्रार्थना की गई और आशीर्वाद लिया।

गौर हो कि धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में इससे पहले आईपीएल के 3 तथा एक क्वालीफ़ायर मैच का सफल आयोजन हुआ था। अब एक दिवसीय मैच का आयोजन होगा। इसी उपलक्ष्य में एचपीसीए के पदाधिकारी अनुराग ठाकुर के साथ मौसम के देवता इन्द्रूनाग जी के दरबार पंहुचे।

धर्मशाला के अंतराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होने वाले एक दिवसीय मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में ख़ासा उत्साह है। धर्मशाला की हसीं वादियों और सुहावने मौसम का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक मैच देखने के लिए पंहुच रहे हैं।

एक के बाद एक सफल मैचों के हो रहा आयोजन : मनुज शर्मा

उधर एचपीसीए के सचिव मनुज शर्मा ने बताया कि मैच की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। एसोसिएशन के लिए सौभाग्य का विषय है कि यहां एक के बाद एक कई सफल मैच आयोजित हो रहे हैं। अब एक दिवसीय मैच यहां के आकर्षण का केंद्र होगा।

धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम की वजह से हिमाचल के पर्यटन को लगे पंख : अनुराग

वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि धर्मशाला के क्रिकेट स्टेडियम की वजह से हिमाचल की ख्याति पूरे विश्व में फैली है। इससे हिमाचल के लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप में रोजगार मिला है तथा हिमाचल के पर्यटन उद्योग को पंख लगे हैं। विश्वभर में इस स्टेडियम की सराहना हुई है। उन्होंने कहा कि एचपीसीए के ज़रिए यहां मैचों का सफ़ल आयोजन किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story