आईपीएल मैचों के सफल आयोजन के लिए 26 अप्रैल को इन्द्रूनाग के दर पंहुचेगी एचपीसीए

WhatsApp Channel Join Now
आईपीएल मैचों के सफल आयोजन के लिए 26 अप्रैल को इन्द्रूनाग के दर पंहुचेगी एचपीसीए


धर्मशाला, 21 अप्रैल (हि.स.)। धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में मई माह में होने वाले आईपीएल मैचों के सफल आयोजन के लिए हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन 26 अप्रैल को इन्द्रू नाग देवता के दर में पूजा अर्चना करेगी। इस दौरान एचपीसीए द्वारा मंदिर में सुबह हवन, यज्ञ और पूजा का आयोजन जाएगा। इसके बाद मंदिर परिसर में कन्या पूजन और एक भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा।

गौरतलब है कि धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में किसी भी स्तर के मैच होने से पूर्व एचपीसीए हर बार धर्मशाला के खनियारा स्थित बारिश के देवता इन्द्रू नाग के दर पंहुचकर पूजा और हवन का आयोजन करती है। वहीं मैच के सफल आयोजन के बाद इन्द्रू नाग का आभार जताने के लिए भी पूजा की जाती है। मैच के दौरान किसी भी तरह से मौसम का खलल न पड़े इसके लिए ही इन्द्रू नाग देवता के मंदिर में पूजा पाठ का आयोजन होता है।

एचपीसीए के सचिव मनुज शर्मा ने बताया कि धर्मशाला में होने वाले तीन आईपीएल मैचों के सफल आयोजन के लिए 26 अप्रैल को स्थानीय देवता इन्द्रू नाग के मंदिर में पूजा और हवन किया जाएगा इसके बाद कन्या पूजन और भंडारे का भी आयोजन भी किया जाएगा।

वहीं उन्होंने मैचों की तैयारियों को लेकर कहा कि तैयारियां जोरों पर हैं। इन मैचों को सफल बनाने के लिए हर बार की तरह सभी तैयारियों को पूरा किया जा रहा है। बात चाहे आउटफील्ड की हो या फिर पिच की सभी तैयारियां चल रही हैं।

धर्मशाला में आईपीएल के खेले जाएंगे तीन मैच

धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में इस सीजन के तीन आईपीएल मैच खेले जाने हैं। पंजाब किंग्स के होम ग्राउंड धर्मशाला में पंजाब 11 मई को अपना पहला मैच दिल्ली कैपिटल्स के साथ खेलेगा। वहीं 14 मई को पंजाब की भिड़ंत मुंबई इंडियंस के साथ होगी। यह दोनों मैच शाम साढ़े सात बजे शुरू होंगे। वहीं 17 मई को पंजाब और आरसीबी के बीच खेले जाने वाला मैच दिन में साढ़े तीन बजे से शुरू होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story