धर्मशाला में बुमराह ने संभाली मुंबई की कमान, हार्दिक और सूर्या नहीं उतरे मैदान में
धर्मशाला, 14 मई (हि.स.)। एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच वीरवार को खेले जा रहे मुकाबले में मुंबई की टीम बदले हुए नेतृत्व के साथ मैदान में उतरी। नियमित कप्तान हार्दिक पांड्या और स्टार बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव मैच में नहीं खेल पाए, जिसके चलते अनुभवी तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को टीम की कमान सौंपी गई।
पंजाब किंग्स के खिलाफ आईपीएल 2026 के 58वें मुकाबले में गुरुवार को पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस में बड़ा बदलाव देखने को मिला। हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव की गैरमौजूदगी में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को मुंबई इंडियंस की कप्तानी सौंपी गई। बुमराह आईपीएल में पहली बार कप्तानी कर रहे हैं। इससे पहले टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट में भारतीय टीम की कमान संभाल चुके हैं। बुमराह मुंबई इंडियंस की कमान संभालने वाले 10वें कैप्टन हैं। बुमराह की कप्तानी में भारत ने 2 टी20 इंटरनेशनल मैच जीते हैं और दोनों में जीत दर्ज की।
मुंबई इंडियंस के लिए यह मुकाबला कई मायनों में खास रहा। आईपीएल इतिहास में लंबे इंतजार के बाद बुमराह को पहली बार कप्तानी का मौका मिला। करीब 156 आईपीएल मैच खेलने के बाद उन्हें कप्तान के रूप में मैदान में उतरने का अवसर मिला। आईपीएल इतिहास में इतने लंबे इंतजार के बाद कप्तानी मिलने के मामले में वह दूसरे खिलाड़ी बने। उनसे पहले रविंद्र जडेजा को सबसे अधिक मैच खेलने के बाद कप्तानी का मौका मिला था।
धर्मशाला स्टेडियम में जैसे ही बुमराह कप्तान के रूप में टॉस के लिए मैदान में पहुंचे, दर्शकों ने जोरदार तालियों से उनका स्वागत किया। मुंबई इंडियंस के समर्थकों में भी बुमराह की कप्तानी को लेकर खास उत्साह देखने को मिला।
वहीं हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव के मैदान में नहीं उतरने से फैंस थोड़े मायूस जरूर नजर आए, लेकिन बुमराह की कप्तानी ने मुकाबले को नया आकर्षण दे दिया। क्रिकेट प्रेमियों का कहना था कि लंबे समय से टीम के लिए शानदार प्रदर्शन करने वाले बुमराह इस सम्मान के हकदार थे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

