आईपीएल और एकदिवसीय सीरीज के सफल आयोजन के लिए देव इन्द्रूनाग की शरण पंहुची एचपीसीए

WhatsApp Channel Join Now
आईपीएल और एकदिवसीय सीरीज के सफल आयोजन के लिए देव इन्द्रूनाग की शरण पंहुची एचपीसीए


आईपीएल और एकदिवसीय सीरीज के सफल आयोजन के लिए देव इन्द्रूनाग की शरण पंहुची एचपीसीए


आईपीएल और एकदिवसीय सीरीज के सफल आयोजन के लिए देव इन्द्रूनाग की शरण पंहुची एचपीसीए


धर्मशाला, 26 अप्रैल (हि.स.)। धर्मशाला में मई माह में आईपीएल और जून में भारत-अफगानिस्तान के बीच अंतरराष्ट्रीय एकदिवसीय क्रिकेट सीरीज के सफल आयोजन के लिए हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) ने रविवार को 'वर्षा के देवता' भगवान इंद्रुनाग मंदिर में पूजा अर्चना कर आशीर्वाद लिया है। एचपीसीए प्रबंधन की ओर से आज खनियारा स्थित इंद्रुनाग मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। आईपीएल के तीन हाई-वोल्टेज मुकाबलों और जून में शुरू होने वाली भारत-अफगानिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीरीज के पहले मैच की सफलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह पूजा की गई।

एचपीसीए के सचिव मनुज शर्मा ने बताया कि एसोसिएशन ने न केवल आईपीएल मैचों, बल्कि 14 जून को धर्मशाला से शुरू होने वाली भारत-अफगानिस्तान सीरीज के पहले मैच के सफल आयोजन की भी मन्नत मांगी है। मंदिर से लाए गए पवित्र जल का छिड़काव स्टेडियम में किया जाएगा, जिसके बाद ही सभी मैचों की तैयारियां विधिवत रूप से शुरू होंगी।

इससे पूर्व आज सुबह मंदिर परिसर में सुबह वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन और पूजा-अर्चना की गई। इसके उपरांत दोपहर बाद भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें एचपीसीए सदस्यों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। उधर बीसीसीआई के पिच क्यूरेटर सुनील चौहान ने बताया कि देवता के आशीर्वाद और पवित्र जल के छिड़काव के बाद सोमवार से मुख्य और अभ्यास पिचों के निर्माण का कार्य पूर्ण गति से शुरू कर दिया जाएगा।

तीन आईपीएल मैचों का गवाह बनेगा धर्मशाला स्टेडियम

धर्मशाला का मैदान इस सीजन में आईपीएल के तीन मैचों का गवाह बनेगा, जिसमें 11 मई को पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स, 14 मई को पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस और 17 मई को पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मुकाबले खेले जाएंगे। पहले दो मैच शाम साढ़े सात बजे से खेले जाएंगे जबकि तीसरा मैच दोपहर साढ़े तीन बजे से खेला जाएगा।

धर्मशाला में खेला जाएगा भारत-अफगानिस्तान के बीच सीरीज का पहला एकदिवसीय

भारत-अफगानिस्तान के बीच तीन मैचों की सीरीज का पहला एकदिवसीय मुकाबला 14 जून को दोपहर बाद धर्मशाला में खेला जाएगा। इसके अलावा 17 जून को लखनऊ और 20 जून को चेन्नई में सीरीज के मैच होंगे। यह सभी मैच डे नाईट खेले जाने हैं। इससे पूर्व एकमात्र टेस्ट मैच चंडीगढ़ में 6 जून से 10 जून के बीच खेला जाना है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story