सीनियर इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट प्रतियोगिता : ऊना को जीत के लिए चाहिए चार विकेट

WhatsApp Channel Join Now
सीनियर इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट प्रतियोगिता : ऊना को जीत के लिए चाहिए चार विकेट


धर्मशाला, 29 मार्च (हि.स.)।

हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) के धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में जिला ऊना व शिमला की क्रिकेट टीम के बीच खेले जा रहे सीनियर इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट मल्टी डे टूर्नामैंट के तीसरे दिन रविवार को सुबह मौसम ने खेल में करीब डेढ़ घंटा खलल डाला। हालांकि इसके बाद बारिश रुकी और फ्लड लाइट्स के बीच खेल शुरू हुआ। अपनी पहली पारी में बल्लेबाजी कर रही शिमला की टीम ने ऊना के पहली पारी के विशालकाय 622 रनों के स्कोर के दबाव में महज 267 रनों पर अपने छह विकेट गंवा दिए। इससे पूर्व शिमला की टीम ने शनिवार को दूसरे दिन के खेल की समाप्ति पर 13 रनों के आगे के खेलना शुरू किया। लेकिन 267 रनों पर उसने अपने छह विकेट खो दिए।

शिमला के सलामी बल्लेबाज कुशल पाल मात्र आठ, युगदीप सिंह 41, कबीर सिंह 19, अभिमन्यू सिंघा शून्य, वैभव कल्टा 41 व मुकुल नेगी 14 रन बनाकर पैवेलियन लौट चुके हैं। जबकि शिमला के नमन वर्मा 80 व राहुल 20 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं। ऊना की ओर से बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए केशव सैनी ने 48 रन देकर दो विकेट, अंकुश बैदी 55 रन देकर दो विकेट, राघव बाली ने 61 रन देकर एक विकेट झटके हैं, जबकि शिमला ने एक विकेट रन आउट में गवांया है।

सोमवार को मैच के चौथे व अंतिम दिन जहां शिमला को मैच जीतने के लिए चार विकेट में 355 रन बनाने होंगे वहीं ऊना को जीत के लिए अब मात्र चार विकेट की जरूरत है।

गौरतलब है कि ऊना की टीम ने अपनी पहली पारी में आठ विकेट खोकर 622 रनों का विशालकाय स्कोर खड़ा कर शनिवार को पारी घोषित कर दी थी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

Share this story