देवरिया की काजल पासवान का अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालयी एथलेटिक प्रतियोगिता के लिए चयन

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया की काजल पासवान का अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालयी एथलेटिक प्रतियोगिता के लिए चयन


देवरिया की काजल पासवान का अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालयी एथलेटिक प्रतियोगिता के लिए चयन


-21 किलोमीटर हाफ मैराथन में 1:28:06 घंटे का रिकॉर्ड समय, भुवनेश्वर में दिखाएंगी दमखम

देवरिया, 28 नवंबर (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के संत विनोबा स्नातकोत्तर महाविद्यालय, देवरिया की प्रतिभाशाली छात्रा काजल पासवान ने अपनी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। बीकॉम तृतीय वर्ष की छात्रा काजल का चयन 21 किलोमीटर हाफ मैराथन में अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालयी एथलेटिक प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह प्रतियोगिता दिसंबर के अंतिम सप्ताह में भुवनेश्वर में आयोजित होगी। काजल के चयन से महाविद्यालय और जनपद में खुशी का माहौल है।

काजल पासवान ने 23 से 25 नवंबर तक दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन दौड़ को 1:28:06 घंटे के रिकॉर्ड समय में पूरा किया। उनके इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अखिल भारतीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। काजल ने अपनी उपलब्धि से महाविद्यालय के साथ ही जनपद देवरिया का नाम रोशन किया है। इससे पहले भी वह राज्य और राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में कई स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। उनकी लगातार सफलता खेल के प्रति समर्पण, अनुशासन और कठिन परिश्रम का परिणाम है।

महाविद्यालय के प्रबंधक अशोक कुमार मिश्र, प्राचार्य प्रो. अर्जुन मिश्र, शिक्षकगण और कर्मचारियों ने काजल पासवान को बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। व्यायाम शिक्षक डॉ. मंतोष कुमार मौर्य ने बताया कि काजल ने पूर्व में भी कई राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतकर महाविद्यालय और जिले को गौरवान्वित किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784598 Articles

Share this story