कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप: भारतीय पुरुष और महिला टीमों ने युगांडा और सिंगापुर को हराया

WhatsApp Channel Join Now
कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप: भारतीय पुरुष और महिला टीमों ने युगांडा और सिंगापुर को हराया


कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप: भारतीय पुरुष और महिला टीमों ने युगांडा और सिंगापुर को हराया


अहमदाबाद, 25 अक्टूबर (हि.स.)। गुजरात के अहमदाबाद स्थित वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित पहली कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 में शनिवार को भारतीय पुरुष और महिला कबड्डी टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। पुरुष टीम ने युगांडा को 44-30 से हराया, जबकि महिला टीम ने सिंगापुर के खिलाफ 32-16 से जीत दर्ज की।

भारत ने युगांडा पर 14 पॉइंट की जीत हासिल करने के लिए शानदार ऑल-राउंड प्रदर्शन किया। शिवम पटारे ने आठ पॉइंट के साथ रेडिंग डिपार्टमेंट को लीड किया, जिसमें छह टच पॉइंट और दो बोनस पॉइंट शामिल थे। नवीन कुमार और भरत ने छह-छह रेड पॉइंट दिए, जबकि आदित्य शिंदे ने चार पॉइंट जोड़े।

भारतीय टीम ने मुकाबले में 27 रेड पॉइंट, 11 टैकल पॉइंट और ऑलआउट से छह अंक हासिल किए। डिफेंस में अजीत पवार ने तीन टैकल पॉइंट अर्जित किए। वहीं, नितेश, योगेश दहिया और दीपक एस ने दो-दो टैकल पॉइंट हासिल किए।

युगांडा की ओर से मुलैरे डगलस नौ रेड पॉइंट के साथ टीम के शीर्ष स्कोरर रहे। ओकिडी कार्नोल्ड और सेंगेंडो जिमी ने पांच-पांच अंक जुटाए। युगांडा ने रेडिंग में भारत के बराबर 27 अंक हासिल किए, लेकिन डिफेंस में कमजोर प्रदर्शन के कारण उसे हार का सामना करना पड़ा।

इस बीच, भारतीय महिला टीम ने भी अपने मुकाबले में शानदार खेल दिखाते हुए सिंगापुर को 16 अंकों के अंतर से हराया। भारत की ओर से साक्षी ने छह रेड पॉइंट हासिल किए, जबकि रेणुका और अनु ने चार-चार रेड पॉइंट्स जोड़े। निधि शर्मा ने टीम के खाते में तीन पॉइंट का योगदान दिया।

भारतीय महिला टीम ने कुल 19 रेड पॉइंट, नौ टैकल पॉइंट और ऑलआउट से चार अंक अर्जित किए। डिफेंस में सुमन ने चार टैकल पॉइंट हासिल कर अहम भूमिका निभाई, जबकि मुस्कान शर्मा ने दो टैकल पॉइंट जुटाए। रिया कुमारी, सबाही गढ़वी और रितु ने एक-एक टैकल पॉइंट हासिल किया।

सिंगापुर की ओर से अर्थी सेल्वन ने सर्वाधिक पांच रेड पॉइंट बनाए। वहीं, आनंदराजन सिंधिनी और एम. विश्वलाह देवी ने चार-चार अंक हासिल किए। सिंगापुर की टीम ने 16 रेड पॉइंट तो जुटाए, लेकिन भारतीय टीम के खिलाफ एक भी सफल टैकल नहीं कर सकी।

पहली कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप में भारतीय पुरुष और महिला टीमों की जीत ने टूर्नामेंट में उनकी मजबूत शुरुआत को दर्शाया है। अब भारतीय महिला टीम आज शाम 6:45 बजे युगांडा के खिलाफ अगला मुकाबला खेलेगी। वहीं, भारतीय पुरुष टीम रात 8:00 बजे मलेशिया से भिड़ेगी। दोनों मुकाबलों में भारतीय टीमों की नजरें जीत के सिलसिले को बरकरार रखने पर होंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766342 Articles

Share this story