स्वरूपम की नाबाद 99 रन की पारी से जोरहाट स्टैलियंस की पहली जीत

WhatsApp Channel Join Now
स्वरूपम की नाबाद 99 रन की पारी से जोरहाट स्टैलियंस की पहली जीत


गुवाहाटी, 06 अगस्त (हि.स.)। इम्पीरियल ब्लू पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर असम प्रीमियर लीग (एपीएल)-2026 में जोरहाट स्टैलियंस ने कप्तान स्वरूपम पुरकायस्थ की शानदार नाबाद 99 रन की पारी की बदौलत अपनी पहली जीत दर्ज की। गुरुवार को बरसापारा स्थित एसीए स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टीम ने लगातार दो मैच जीत चुकी बराक लीजेंड्स को आठ विकेट से हराया।

171 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जोरहाट स्टैलियंस ने 18.2 ओवर में दो विकेट खोकर 174 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। कप्तान स्वरूपम और विकेटकीपर बल्लेबाज एरिक रॉय ने पहले विकेट के लिए 49 गेंदों पर 82 रन की तूफानी साझेदारी की। एरिक ने 26 गेंदों पर 41 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और दो छक्के शामिल थे।

इसके बाद स्वरूपम ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखते हुए केवल 26 गेंदों में टूर्नामेंट का सबसे तेज अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने राजबीर सिंह (20) के साथ दूसरे विकेट के लिए 83 रन की साझेदारी कर टीम को जीत दिलाई। स्वरूपम 58 गेंदों पर 11 चौकों और चार छक्कों की मदद से 99 रन बनाकर नाबाद लौटे और एपीएल के इतिहास का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बनाया। हालांकि, वह महज एक रन से लीग का पहला शतक लगाने से चूक गए।

इससे पहले टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बराक लीजेंड्स ने 20 ओवर में चार विकेट पर 170 रन बनाए। विशाल साहा ने 60 गेंदों पर 71 रन की शानदार पारी खेली, जबकि कप्तान शिव शंकर रॉय ने 26 गेंदों पर 45 रन बनाए। सौरभ डे चार गेंदों पर 14 रन बनाकर नाबाद रहे।

स्वरूपम की पारी से पहले एपीएल का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर विशाल साहा के नाम था। हालांकि, 151 रन के साथ ऑरेंज कैप की दौड़ में विशाल अभी भी शीर्ष पर बने हुए हैं।

शुक्रवार को दिन के पहले मुकाबले में बरपेटा ब्रेव्स का सामना नगांव रेंजर्स से होगा, जबकि शाम सात बजे चराईदेव सनराइजर्स की भिड़ंत बराक लीजेंड्स से होगी।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

Share this story