सीनियर पुरुष राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप : हरियाणा, अरुणांचल और महाराष्ट्र ने जीते मुकाबले
झांसी, 14 अक्टूबर (हि.स.)। मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रही 16वीं हॉकी इंडिया सीनियर मेंस नेशनल चैंपियनशिप-2026 में बुधवार को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। हॉकी इंडिया, नई दिल्ली के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश हॉकी, जिला प्रशासन झांसी और क्षेत्रीय खेल कार्यालय के संयुक्त समन्वय से आयोजित प्रतियोगिता में पांच मैच खेले गए।
पहले मुकाबले में हॉकी हरियाणा ने दिल्ली हॉकी को 3-1 गोल से शिकस्त दी। हरियाणा की ओर से जर्सी नंबर-10 जोगिंदर सिंह, जर्सी नंबर-21 दीपक और जर्सी नंबर-49 मंजीत ने एक-एक गोल किया।
दूसरे मुकाबले में हॉकी अरुणांचल ने हॉकी झारखंड को 2-1 से हराया। अरुणांचल के कप्तान अभिनव सिंह और सतीश यादव ने एक-एक गोल किया।
हॉकी महाराष्ट्र और एलई पुडुचेरी हॉकी के बीच मुकाबला भी रोमांचक रहा। महाराष्ट्र ने 2-1 से जीत दर्ज की। विजेता टीम की ओर से गणेश पाटिल और दर्शन विभव गावकर ने एक-एक गोल किया। चौथे मुकाबले में केरल हॉकी ने असम हॉकी को 5-2 गोल से पराजित किया।
दिन का अंतिम मुकाबला हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडू और हॉकी बंगाल के बीच हुआ, जो 1-1 गोल की बराबरी पर समाप्त हुआ। तमिलनाडू की ओर से शानमुगुम पी और बंगाल की ओर से सुनीत लकरा ने गोल किया।
इस दौरान मुख्य अतिथि डॉ. अनुराग श्रीवास्तव और विशिष्ट अतिथि इंजीनियर रविकांत दुबे मौजूद रहे। हॉकी इंडिया के चयनकर्ता एवं ओलंपियन बलविंदर सिंह शम्मी और भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम के चयनकर्ता/कोच फ्रेडरिक सोयेज भी उपस्थित रहे।
15 अक्टूबर को यूपी हॉकी और हॉकी चंडीगढ़ के बीच शाम पांच बजे मुकाबला होगा। इसके अलावा हॉकी पंजाब-बंगाल, मध्य प्रदेश-पुडुचेरी और मणिपुर-दिल्ली समेत अन्य मुकाबले भी खेले जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

