शतरंज प्रतियोगिता में मानस, श्रिया, संभव-आलोक बने चैंपियन
रांची, 09 जुलाई (हि.स.)।
सामाजिक संस्था ओथ के तत्वावधान में कांके रोड स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल, गांधीनगर में गुरुवार को एक दिवसीय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में अंडर-14 बालिका वर्ग में श्रिया, अंडर-14 बालक वर्ग में मानस, अंडर-17 बालिका वर्ग में अनुष्का, अंडर-17 बालक वर्ग में संभव, अंडर-19 बालिका वर्ग में मानसी तथा अंडर-19 बालक वर्ग में आलोक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वैशाली, आयुष्मान, मानसी प्रिया, मोहित, वैभवी और अपूर्व अपने-अपने वर्ग में उपविजेता रहे। इससे पहले प्रतियोगिता का उद्घाटन ओथ के ट्रस्टी दीपक बंका, विद्यालय के प्राचार्य पी. के. झा तथा संस्था के वरिष्ठ सदस्य अमित कुमार ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर दीपक बंका ने कहा कि शतरंज केवल खेल नहीं, बल्कि मानसिक विकास, एकाग्रता, तार्किक सोच और निर्णय लेने की क्षमता को विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथियों और ओथ संस्था के पदाधिकारियों ने पुरस्कार और उपहार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में कृष्णा प्रसाद, अमित दत्ता, शरद नाथ उपाध्याय, गोविंद झा, सोमा घटक, कौशल किशोर एवं रूपराज सहित बडी संख्या में विद्यार्थी सहित अन्य लोग मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar

