देवघर में राष्ट्रीय जूनियर सॉफ्टबॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन

WhatsApp Channel Join Now
देवघर में राष्ट्रीय जूनियर सॉफ्टबॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन


देवघर में राष्ट्रीय जूनियर सॉफ्टबॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन


देवघर, 04 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय जूनियर 10वीं सॉफ्टबॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य फाइनल मुकाबला शनिवार को कुमैठा स्थित सगदाहा मैदान में उत्साह, जोश और रोमांच के बीच संपन्न हुआ। तीन दिनों तक चले इस प्रतियोगिता का सफल आयोजन देवघर जिला सॉफ्टबॉल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष आदर्श लक्ष्य के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में किया गया। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आई टीमों ने भाग लेकर उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

फाइनल मुकाबलों की शुरुआत अंडर-19 बालिका वर्ग से हुई, जिसमें मध्य प्रदेश और बिहार के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया। दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया, लेकिन मध्य प्रदेश की टीम ने बेहतर रणनीति और शानदार प्रदर्शन के दम पर बिहार को पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से दर्शक उत्साहित नजर आए और मैदान तालियों से गूंज उठा।

इसके बाद अंडर-19 बालक वर्ग का फाइनल मुकाबला बिहार और झारखंड के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण का प्रदर्शन करते हुए मैच को रोमांचक बनाए रखा। अंततः झारखंड की टीम ने ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में साबिर खान, अनिल लहरी एवं विजय प्रताप सनातन उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में अभिजीत सिंह सहित अन्य लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा राष्ट्रीय स्तर के ऐसे आयोजनों को खेल प्रतिभाओं के लिए महत्वपूर्ण बताया।

समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार भी प्रदान किए गए। अतिथियों ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि देवघर में इस तरह के राष्ट्रीय आयोजन से खेल को नई पहचान मिलेगी और युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

आयोजन समिति ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, कोच, निर्णायकों एवं दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के निरंतर आयोजन का विश्वास जताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Anup Kumar Roy

Share this story