रांची में 22 अक्टूबर से शुरू होगी 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता

WhatsApp Channel Join Now
रांची में 22 अक्टूबर से शुरू होगी 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता


रांची में 22 अक्टूबर से शुरू होगी 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता


-28 राज्यों और केंद्रीय बलों की टीमें लेंगी हिस्सा-432 खिलाड़ियों व सदस्यों के पहुंचने का कार्यक्रम तैयार

रांची, 18 अक्टूबर (हि.स.)। झारखंड पुलिस को 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2026-27 के आयोजन की जिम्मेदारी मिली है। प्रतियोगिता का आयोजन 22 से 26 अक्टूबर तक रांची के होटवार स्थित खेलगांव परिसर में किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में देशभर की विभिन्न राज्यों की पुलिस, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और अन्य सुरक्षा बलों की तीरंदाजी टीमें हिस्सा लेंगी।

प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए विभिन्न राज्यों और सुरक्षा बलों की टीमें 19 अक्टूबर से रांची पहुंचने लगेंगी। उपलब्ध कार्यक्रम के अनुसार, झारखंड सहित कुल 28 टीमें प्रतियोगिता में शामिल होंगी। इन टीमों में कुल 432 खिलाड़ी और अन्य सदस्य शामिल हैं। टीमों के आगमन को लेकर झारखंड पुलिस ने विस्तृत कार्यक्रम तैयार किया है। इसके तहत 19 से 21 अक्टूबर तक टीमें रांची, हटिया और बरकाकाना रेलवे स्टेशनों पर पहुंचेंगी। कुछ टीमें बस से भी आएंगी।

टीमों के आगमन के लिहाज से 20 अक्टूबर सबसे व्यस्त दिन होगा। इस दिन 13 टीमों के पहुंचने का कार्यक्रम निर्धारित है। इनमें 10 टीमें रांची रेलवे स्टेशन, एक टीम हटिया रेलवे स्टेशन और दो टीमें बस से पहुंचेंगी। 19 अक्टूबर को सात और 21 अक्टूबर को पांच टीमों के आगमन का कार्यक्रम है। बिहार और नागालैंड की टीमों के टिकट अभी कन्फर्म नहीं हुए हैं। इनके आगमन का अंतिम कार्यक्रम स्पष्ट होने के बाद निर्धारित कार्यक्रम में बदलाव संभव है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 20 अक्टूबर को मणिपुर की टीम सुबह 3:50 बजे रांची रेलवे स्टेशन पहुंचेगी। छत्तीसगढ़ की टीम के आगमन का समय सुबह 4:45 बजे है। जम्मू-कश्मीर की टीम सुबह 8 बजे पहुंचेगी। इसके बाद सुबह 9:05 बजे भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) और उत्तर प्रदेश की टीमें आएंगी। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की टीम सुबह 9:10 बजे पहुंचेगी।

पश्चिम बंगाल की टीम के आगमन का समय दोपहर 1:15 बजे निर्धारित किया गया है। उत्तराखंड की टीम दोपहर 3:30 बजे और राजस्थान की टीम 3:40 बजे पहुंचेगी। वहीं, असम पुलिस की टीम रात 10:55 बजे रांची रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।

महाराष्ट्र की टीम के 20 अक्टूबर को सुबह 4:45 बजे हटिया रेलवे स्टेशन पहुंचने का कार्यक्रम है। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की टीमें बस से आएंगी। सीआईएसएफ की टीम के आगमन का कार्यक्रम भी 20 अक्टूबर को निर्धारित है, जबकि सीआरपीएफ की टीम के लिए सुबह 10:50 बजे का समय तय किया गया है।

प्रतियोगिता में झारखंड की टीम भी भाग लेगी। अन्य प्रतिभागी टीमों में कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु, तेलंगाना, केरल, हरियाणा, पंजाब, महाराष्ट्र, गुजरात, मणिपुर, छत्तीसगढ़, राजस्थान, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, असम, जम्मू-कश्मीर और बिहार की पुलिस टीमें शामिल हैं।

इसके अलावा आईटीबीपी, बीएसएफ, सीआईएसएफ, सीआरपीएफ, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और असम राइफल्स जैसे केंद्रीय बलों की टीमें भी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए समिति का गठन किया गया है। पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा को समिति का संरक्षक बनाया गया है। अपर पुलिस महानिदेशक मनोज कौशिक को अध्यक्ष, पुलिस महानिरीक्षक असीम विक्रांत मिंज को उपाध्यक्ष और पुलिस महानिरीक्षक अजय लिंडा को संगठन सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

आयोजन समिति में पुलिस अधीक्षक पूज्य प्रकाश और पुलिस अधिकारी प्रशांत सिंह को संयोजक बनाया गया है। इसके अलावा पुलिस मुख्यालय, रेल, वायरलेस, विशेष शाखा, अभियान, सीआईडी, झारखंड जगुआर, गृह रक्षा वाहिनी और अग्निशमन सेवा सहित विभिन्न इकाइयों के वरिष्ठ अधिकारियों को समिति का सदस्य बनाया गया है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / विकाश कुमार पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763160 Articles

Share this story