जयपाल मालवीय ने विश्व चैंपियनशिप में जीता रजत, भारत को मिला पहला ओलंपिक कोटा

WhatsApp Channel Join Now
जयपाल मालवीय ने विश्व चैंपियनशिप में जीता रजत, भारत को मिला पहला ओलंपिक कोटा


जयपाल मालवीय ने विश्व चैंपियनशिप में जीता रजत, भारत को मिला पहला ओलंपिक कोटा


दोहा, 05 नवंबर (हि.स.)। भारतीय निशानेबाज जयपाल मालवीय ने गुरुवार को आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा का रजत पदक जीतकर देश को लॉस एंजिलिस ओलंपिक-2028 का पहला कोटा दिलाया। उन्होंने लुसैल शूटिंग कॉम्प्लेक्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए 24 शॉट के फाइनल में 242.2 अंक हासिल किए और दूसरा स्थान प्राप्त किया।

इस स्पर्धा में ओलंपिक के तीन कोटा दांव पर थे। चीन के हू काई ने 243.9 अंकों के साथ स्वर्ण पदक और पहला कोटा हासिल किया। चेक गणराज्य के जिंद्रिच डुबोवी 220.9 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे और उन्होंने तीसरा ओलंपिक कोटा अपने नाम किया। जयपाल के रजत पदक के साथ भारत को दूसरा कोटा मिला।

जयपाल ने फाइनल की शुरुआत से ही पदक की दौड़ में अपनी जगह बनाए रखी। उन्होंने पहली सीरीज में 50.5 और दूसरी सीरीज के बाद कुल 100 अंक हासिल किए। एलिमिनेशन दौर में भी उनका निशाना लगातार सटीक रहा। उन्होंने 10.8 और 10.7 जैसे शानदार शॉट लगाए। अंतिम चरण में दबाव के बावजूद संयम बनाए रखते हुए उन्होंने डुबोवी को पीछे छोड़ा और रजत पदक पक्का किया।

इससे पहले दिन के सत्र में भारतीय महिला 10 मीटर एयर पिस्टल टीम ने भी रजत पदक जीतकर देश को दोहरी खुशी दी। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर, सुरूचि इंदर सिंह और सायन्यम की तिकड़ी ने कुल 1738 अंक और 61 इनर-10 के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। चीन ने 1745-65 के स्कोर के साथ स्वर्ण और दक्षिण कोरिया ने 1729-49 के स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता।

मनु भाकर ने 583-21x अंक के साथ भारतीय टीम का नेतृत्व किया। उनकी चौथी सीरीज में 100 का परफेक्ट स्कोर शामिल रहा। सुरूचि ने 580-24x और जूनियर विश्व चैंपियन सायन्यम ने 575-16x अंक का योगदान दिया।

पुरुष टीम स्पर्धा में भारत सातवें स्थान पर रहा। भारतीय टीम ने कुल 1730-58 अंक हासिल किए। जयपाल ने क्वालिफिकेशन में 585-23x अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल कर फाइनल में जगह बनाई। कमलजीत 580-20x अंकों के साथ 27वें और रविन कुमार 565-15x अंकों के साथ पीछे रहे। चीन ने 1755-66 के स्कोर के साथ स्वर्ण, दक्षिण कोरिया ने 1738-62 के साथ रजत और उज्बेकिस्तान ने 1738-44 के साथ कांस्य पदक जीता।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773179 Articles

Share this story