प्राची गायकवाड़ का स्वर्णिम निशाना, भारत फिर पदक तालिका में शीर्ष पर

WhatsApp Channel Join Now
प्राची गायकवाड़ का स्वर्णिम निशाना, भारत फिर पदक तालिका में शीर्ष पर


काहिरा, 23 अप्रैल (हि.स.)। मिस्र की राजधानी काहिरा में चल रहे आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप में भारतीय निशानेबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है। प्राची गायकवाड़ ने महिला 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशंस स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर भारत को फिर से पदक तालिका में शीर्ष पर पहुंचा दिया।

प्राची ने फाइनल में 354.6 अंक हासिल किए और कड़े मुकाबले में इंडिविजुअल न्यूट्रल एथलीट दरिया चुप्रिस (354.4) को मात्र 0.2 अंक से पीछे छोड़ दिया। वहीं, एलेना क्रेटिनिना ने 343.3 अंक के साथ कांस्य पदक जीता।

इसी दिन नरेन प्रणव ने जूनियर पुरुष 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में 229.5 अंक के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। इस स्पर्धा में भारत के तीन निशानेबाजों ने फाइनल में जगह बनाई थी। नरेन ने क्वालिफिकेशन में 630.9 अंक हासिल कर तीसरा स्थान पाया, जबकि अभिनव शॉ और दिव्यांशु देवांगन ने भी फाइनल में प्रवेश किया।

फाइनल में दिव्यांशु शुरुआती दौर में ही बाहर हो गए, जबकि नरेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक की दौड़ में खुद को बनाए रखा। उन्होंने 10.7 और फिर 10.9 का बेहतरीन स्कोर कर रजत पदक के लिए भी चुनौती दी, लेकिन अंततः कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। इस स्पर्धा का स्वर्ण उज्बेकिस्तान के जावोहिर सोखिबोव ने जीता।

इससे पहले शिवा नरवाल ने 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। अब भारत के खाते में कुल दो स्वर्ण, चार रजत और तीन कांस्य पदक हो गए हैं, जिससे वह पदक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है।

प्राची गायकवाड़ ने क्वालिफिकेशन में 578 अंक हासिल कर छठे स्थान से फाइनल में प्रवेश किया था। फाइनल के दौरान उन्होंने शानदार वापसी करते हुए निर्णायक क्षणों में सटीक निशाने लगाए और जीत सुनिश्चित की।

इस बीच, वंशिका चौधरी, सेजल कांबले और कनक ने जूनियर महिला 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story