भारत में शुरू हुआ आईएसएसएफ ‘बी’ जजेज कोर्स, 31 अधिकारियों को मिलेगा प्रशिक्षण
नई दिल्ली, 20 जून (हि.स.)। भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) ने अपने शिक्षा कार्यक्रम के तहत शनिवार से आईएसएसएफ ‘बी’ जजेज कोर्स की शुरुआत की है। राइफल और पिस्टल स्पर्धाओं के लिए आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 20 से 24 जून तक दिल्ली-एनसीआर के सूरजकुंड स्थित एक होटल में आयोजित किया जा रहा है।
इस कोर्स में देश के विभिन्न राज्य राइफल संघों और संबद्ध इकाइयों से जुड़े 31 तकनीकी अधिकारी भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों को अंतरराष्ट्रीय शूटिंग खेल महासंघ (आईएसएसएफ) के नवीनतम नियमों और मानकों के अनुरूप प्रशिक्षण प्रदान करना है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन आईएसएसएफ जजेज समिति की अध्यक्ष घिस्लेन ब्रीज और आईएसएसएफ तकनीकी समिति के सदस्य पॉल गम कर रहे हैं। दोनों विशेषज्ञ प्रतिभागियों को सैद्धांतिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करेंगे।
भारतीय विशेषज्ञों में आईएसएसएफ ‘ए’ लाइसेंसधारी धीरज सिंह और अरुण वारेशी भी प्रशिक्षक के रूप में शामिल हैं।
एनआरएआई अध्यक्ष कलिकेश नारायण सिंह देव ने कहा कि तकनीकी अधिकारी किसी भी खेल की रीढ़ होते हैं, जो प्रतियोगिताओं में निष्पक्षता, एकरूपता और नियमों के पालन को सुनिश्चित करते हैं। उन्होंने कहा कि एनआरएआई शिक्षा कार्यक्रम के माध्यम से अधिकारियों की क्षमता को लगातार बेहतर बनाने और उन्हें अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है।
एनआरएआई के महासचिव और शिक्षा कार्यक्रम के निदेशक पवन कुमार सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों के विकास के साथ-साथ तकनीकी अधिकारियों का प्रशिक्षण भी समान रूप से महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि देश में शूटिंग प्रतियोगिताओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए अधिक प्रशिक्षित और योग्य अधिकारियों की आवश्यकता है।
यह इस वर्ष एनआरएआई शिक्षा कार्यक्रम के तहत आयोजित दूसरा आईएसएसएफ ‘बी’ जजेज कोर्स है। संघ का मानना है कि नियमित प्रशिक्षण और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के माध्यम से देश में तकनीकी अधिकारियों का एक मजबूत समूह तैयार किया जा सकता है, जिससे राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का संचालन अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप किया जा सके।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

