दिल्ली कैपिटल्स ने रोमांचक मुकाबले में आरसीबी को छह विकेट से हराया

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली कैपिटल्स ने रोमांचक मुकाबले में आरसीबी को छह विकेट से हराया


दिल्ली कैपिटल्स ने रोमांचक मुकाबले में आरसीबी को छह विकेट से हराया


बेंगलुरु, 18 अप्रैल (हि.स.)। बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के 26वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को दिल्ली कैपिटल्स ने छह विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। आखिरी ओवर तक चले इस रोमांचक मुकाबले में केएल राहुल, ट्रिस्टन स्टब्स और डेविड मिलर की विस्फोटक बल्लेबाजी ने दिल्ली को जीत दिलाई।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 175 रन बनाए। टीम की शुरुआत अच्छी रही। फिल साल्ट और विराट कोहली ने पहले विकेट के लिए 31 गेंदों में 52 रन जोड़े। विराट कोहली 19 रन बनाकर आउट हुए, जबकि देवदत्त पडिक्कल 18 रन बनाकर ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ सके।

फिल साल्ट ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखते हुए 38 गेंदों में 63 रन बनाए। उनकी पारी में 4 चौके और 3 छक्के शामिल थे। मध्यक्रम में जितेश शर्मा ने 14 रन, क्रुणाल पांड्या ने 12 रन बनाए, जबकि आखिर में टिम डेविड ने 17 गेंदों में 26 रन बनाकर टीम को 175 रन तक पहुंचाया।

दिल्ली की ओर से एनगिडी, कुलदीप यादव और कप्तान अक्षर पटेल ने 2-2 विकेट लिए। मुकेश कुमार को 1 विकेट मिला।

176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने 2.5 ओवर में 18 रन के स्कोर पर ही 3 विकेट गंवा दिए। भुवनेश्वर कुमार ने पथुम निसांका, करुण नायर और समीर रिजवी को आउट कर आरसीबी को मजबूत शुरुआत दिलाई।

इसके बाद केएल राहुल और ट्रिस्टन स्टब्स ने पारी को संभाला। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 44 गेंदों में 69 रन की साझेदारी कर दिल्ली को मुकाबले में वापस ला दिया। केएल राहुल ने 34 गेंदों में 57 रन बनाए। उनकी पारी में 6 चौके और 2 छक्के शामिल थे। वह अच्छी लय में दिख रहे थे, लेकिन बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में विराट कोहली के हाथों कैच आउट हो गए।

कप्तान अक्षर पटेल ने 19 गेंदों में 26 रन बनाए, लेकिन चोटिल होने के कारण उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा। इसके बाद ट्रिस्टन स्टब्स ने एक छोर संभाले रखा और डेविड मिलर के साथ मिलकर मैच को दिल्ली की ओर मोड़ दिया।

आखिरी चार ओवर में दिल्ली को 41 रन चाहिए थे। 17वें ओवर में जोश हेजलवुड ने केवल 4 रन दिए। 18वें ओवर में भुवनेश्वर कुमार के खिलाफ दिल्ली ने 12 रन बनाए। 19वें ओवर में रासिख धर के खिलाफ टीम ने 10 रन जुटाए।

आखिरी ओवर में दिल्ली को जीत के लिए 15 रन चाहिए थे। रोमारियो शेफर्ड की पहली दो गेंदों पर सिर्फ 2 रन आए, लेकिन तीसरी और चौथी गेंद पर डेविड मिलर ने लगातार दो छक्के जड़ दिए। इसके बाद पांचवीं गेंद पर चौका लगाकर उन्होंने दिल्ली को रोमांचक जीत दिला दी।

ट्रिस्टन स्टब्स ने 47 गेंदों में नाबाद 60 रन बनाए, जबकि डेविड मिलर ने 10 गेंदों में नाबाद 22 रन बनाकर मैच खत्म किया। दिल्ली कैपिटल्स ने 19.5 ओवर में 4 विकेट पर 179 रन बनाकर टूर्नामेंट में अपनी तीसरी जीत दर्ज की।

इस हार के साथ आरसीबी को टूर्नामेंट में दूसरी हार का सामना करना पड़ा। टीम का मध्यक्रम एक बार फिर विफल रहा, जबकि आखिरी ओवरों में गेंदबाजों का कमजोर प्रदर्शन टीम को भारी पड़ा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश महादेवप्पा

Share this story