तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी की चोट के बाद की पहली प्रतिक्रिया, बोले-सब ठीक

WhatsApp Channel Join Now
तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी की चोट के बाद की पहली प्रतिक्रिया, बोले-सब ठीक


तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी की चोट के बाद की पहली प्रतिक्रिया, बोले-सब ठीक


नई दिल्ली, 26 अप्रैल (हि.स.)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में पंजाब किंग्स के विरुद्ध मैच में कैच लेने प्रयास में गंभीर रूप से चोटिल हुए दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। एनगिडी ने रविवार को अपने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी लगाई। इसमें उन्होंने लिखा, संदेशों के लिए धन्यवाद, सब ठीक है।

एनगिडी को शनिवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में पंजाब किंग्स के विरुद्ध मैच में चोट लग गई थी। वह पंजाब के बल्लेबाज प्रियांश आर्य का कैच पकड़ने की कोशिश में पीछे की तरफ गिर गए थे और उनका सिर जोर से मैदान पर लगा था। वो तुरंत सिर पकड़कर जमीन पर लेट गए और इसके बाद मेडिकल स्टाफ तुरंत मैदान पर पहुंचा था। इस दौरान कुछ देर मैच रुका रहा। बाद में एहतियात के तौर पर एनगिडी को एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया था।

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिल्ली कैपिटल्स के क्रिकेट निदेशक वेणुगोपाल राव ने बताया था कि मुझे लगता है कि चोट गंभीर नहीं है। हम अपडेट देते रहेंगे, लेकिन स्थिति ज्यादा चिंताजनक नहीं है।

मैच की बात करें, तो दिल्ली कैपिटल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सलामी बल्लेबाज केएल राहुल के रिकॉर्ड तोड़ नाबाद 152 रन और नितीश राणा के 91 रनों की मदद से 20 ओवर में 2 विकेट पर 264 रनों का विशाल स्कोर बनाया था। जवाब में पंजाब किंग्स ने सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह के 76, प्रियांश आर्य के 43 रन और कप्तान श्रेयस अय्यर की तूफानी 71 रनों की नाबाद पारी के दम पर 265 रनों के रिकॉर्ड लक्ष्य को सात गेंद शेष रहते हासिल कर लिया।

दिल्ली के लिए गेंदबाजी में बेहद खराब प्रदर्शन रहा। उन्हें एनगिडी की कमी खली, जो कैच लेने की कोशिश में चोटिल हो गए थे। हालांकि, मैच में दिल्ली की फील्डिंग भी खराब रही थी। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह

Share this story