(लीड) आईपीएल 2026 मिनी ऑक्शन : 77 खिलाड़ियों की खरीदारी पूरी, रिकॉर्ड बोली और युवाओं पर दांव ने बदला समीकरण
अबू धाबी, 16 दिसंबर (हि.स.)। आईपीएल 2026 का मिनी ऑक्शन अबू धाबी के एतिहाद एरिना में पूरे उत्साह और रोमांच के साथ संपन्न हो गया। 10 फ्रेंचाइजियों ने कुल 77 खिलाड़ियों को अपनी टीमों में शामिल किया। इस बार की नीलामी को रिकॉर्ड तोड़ कीमतों, अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ियों पर बड़े दांव और रणनीतिक टीम निर्माण के लिए याद रखा जाएगा।
नीलामी की सबसे बड़ी सुर्खी कोलकाता नाइट राइडर्स ने बटोरी। केकेआर ने ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन को ₹25.20 करोड़ और श्रीलंकाई तेज गेंदबाज मथीशा पथिराना को ₹18 करोड़ में खरीदकर ऑक्शन का रुख ही बदल दिया। इसके अलावा मुस्तफिज़ुर रहमान (₹9.20 करोड़) और कई युवा भारतीय खिलाड़ियों को जोड़कर केकेआर ने आक्रामक टीम तैयार की। वहीं कुछ और बेहतरीन बाय के तौर पर रचिन रवींद्र (₹2.00 करोड़), फिन एलन, टिम सीफर्ट, आकाश दीप, राहुल त्रिपाठी को भी टीम में जोड़ा। इनके अलावा, अनकैप्ड खिलाड़ियों की अच्छी फेहरिस्त टीम के सात जुड़ी, जिसमें तेजस्वी सिंह, दक्ष कामरा, सार्थक रंजन, प्रशांत सोलंकी और कार्तिक त्यागी का नाम प्रमुख है।
चेन्नई सुपर किंग्स ने अनकैप्ड खिलाड़ियों पर भरोसा दिखाते हुए कार्तिक शर्मा और प्रशांत वीर को ₹14.20-₹14.20 करोड़ में खरीदा, जो इस ऑक्शन की सबसे चौंकाने वाली बोलियों में शामिल रहीं। वहीं राहुल चाहर, मैट हेनरी, अकील हुसैन और सरफराज खान के आने से टीम को संतुलन मिला। कुछ और बेस प्राइस पर भी प्लेयर खरीदे गए, जिसमें मैथ्यू शॉर्ट, जैक फॉल्क्स और अमन खान शामिल हैं।
दिल्ली कैपिटल्स ने अनुभवी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों पर फोकस रखा। पाथुम निसांका, काइल जैमीसन, लुंगी एनगिडी, बेन डकेट, पृथ्वी शॉ और डेविड मिलर जैसे नामों से डीसी की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों मजबूत हुईं। वहीं, अनकैप्ड प्लैयर आकिब डार को सबसे अधिक ₹8.40 करोड़ खर्च कर तथा साहिल पारख को उनके बेस प्राइस ₹30 लाख पर टीम के साथ जोड़ा।
गुजरात टाइटन्स ने जेसन होल्डर पर ₹7 करोड़ खर्च किए। वहीं, टॉम बैंटन, अशोक शर्मा, ल्यूक वुड और पृथ्वीराज यारा को टीम के साथ जोड़ा।
जबकि लखनऊ सुपर जायंट्स ने विकेटकीपर-बल्लेबाज़ जोश इंग्लिस को ₹8.60 करोड़ में खरीदकर मध्यक्रम को मजबूती दी। इसके अलावा, मुकुल चौधरी – ₹2.60 करोड़ (अनकैप्ड), अक्षत रघुवंशी – ₹2.20 करोड़ (अनकैप्ड), एनरिक नॉर्खिया – ₹2.00 करोड़ (कैप्ड, विदेशी), वानिंदु हसरंगा – ₹2.00 करोड़ (कैप्ड, विदेशी) और नमन तिवारी – ₹1.00 करोड़ (अनकैप्ड) को टीम के साथ जोड़ा।
मुंबई इंडियंस ने अपेक्षाकृत शांत रणनीति अपनाई और क्विंटन डी कॉक के साथ युवा अनकैप्ड खिलाड़ियों को मौका दिया। एमआई फ्रैंचाइजी ने क्विंटन डी कॉक – ₹1.00 करोड़ (कैप्ड, विदेशी), मयंक रावत – ₹30 लाख (अनकैप्ड), अथर्व अंकोलेकर – ₹30 लाख (अनकैप्ड), मोहम्मद इजहार – ₹30 लाख (अनकैप्ड) और दानिश मलेवार – ₹30 लाख (अनकैप्ड) पर दांव लगाया।
पंजाब किंग्स ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज बेन ड्वारशुइस और ऑलराउंडर कूपर कॉनॉली को जोड़कर गेंदबाजी विकल्प बढ़ाए। टीम के साथ जुड़े खिलाड़ियों में बेन ड्वारशुइस – ₹4.40 करोड़ (कैप्ड, विदेशी) और कूपर कॉनॉली – ₹3.00 करोड़ (कैप्ड, विदेशी) के साथ विशाल निषाद – ₹30 लाख (अनकैप्ड) और प्रवीन दुबे – ₹30 लाख (अनकैप्ड) का नाम शामिल है।
राजस्थान रॉयल्स ने रवि बिश्नोई (₹7.20 करोड़) और एडम मिल्ने (₹2.40 करोड़) के साथ युवा भारतीय प्रतिभाओं पर भरोसा जताया।
जिसमें रवि सिंह, सुषांत मिश्रा, कुलदीप सेन, बृजेश शर्मा, अमन राव पेराला, विग्नेश पुथुर (₹30 लाख) और यशराज पुंजा शामिल हैं।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने वेंकटेश अय्यर को ₹7 करोड़ में शामिल कर ऑलराउंड संयोजन मजबूत किया। इसके अलावा, जैकब डफी (₹2.00 करोड़) और जॉर्डन कॉक्स (₹75 लाख) जैसे विदेशी नाम भी टीम के साथ जुड़े। इनके अतिरिक्त कुछ अनकैप्ड प्लेयर भी स्क्वाड में शामिल हुए, जो हैं- मंगेश यादव (₹5.20 करोड़), कनिष्क चौहान, विहान मल्होत्रा, विक्की ओस्टवाल और सात्विक देसवाल।
वहीं सनराइजर्स हैदराबाद ने ऑक्शन की दूसरी सबसे बड़ी बोली लगाते हुए लियम लिविंगस्टोन को ₹13 करोड़ में खरीदा और युवा अनकैप्ड खिलाड़ियों की लंबी फेहरिस्त जोड़कर भविष्य पर निवेश किया। आज की उनकी खरीद रही- जैक एडवर्ड्स, सलील अरोड़ा, शिवम मावी, क्रेन्स फुलेत्रा, प्रफुल हिंगे, अमित कुमार, ओंकार तरमाले, साकिब हुसैन और शिवांग कुमार।
कुल मिलाकर, आईपीएल 2026 मिनी ऑक्शन ने यह साफ कर दिया कि फ्रेंचाइजियां अब केवल बड़े नामों पर नहीं, बल्कि युवा भारतीय प्रतिभा और संतुलित कॉम्बिनेशन पर भरोसा कर रही हैं। अब सभी की निगाहें मैदान पर होंगी, जहां ये रणनीतियां असली परीक्षा से गुजरेंगी।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

