गुजरात टाइटंस की जीत की हैट्रिक, पंजाब किंग्स को 4 विकेट से हराया

WhatsApp Channel Join Now


अहमदाबाद, 03 मई (हि.स.)। आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टेबल टॉपर पंजाब किंग्स को 4 विकेट से हराकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की। हालांकि इस हार के बावजूद पंजाब किंग्स अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर बरकरार है।

नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में गुजरात ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पंजाब की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 163 रन ही बना सकी। जवाब में गुजरात ने 164 रन का लक्ष्य 19.5 ओवर में 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया। जीत के हीरो वॉशिंगटन सुंदर रहे, जिन्होंने आखिरी क्षणों में छक्का लगाकर मैच खत्म किया।

रन चेज की शुरुआत गुजरात के लिए अच्छी नहीं रही और कप्तान शुभमन गिल जल्दी आउट हो गए। इसके बाद साई सुदर्शन ने पारी को संभाला और जोस बटलर के साथ अहम साझेदारी करते हुए टीम को स्थिरता दी। सुदर्शन ने शानदार अर्धशतक जड़ते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उनके आउट होने के बाद राहुल तेवतिया और वॉशिंगटन सुंदर ने संयमित बल्लेबाजी करते हुए जीत सुनिश्चित की।

इससे पहले पंजाब किंग्स की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने महज 47 रन पर 5 विकेट गंवा दिए थे। हालांकि सूर्यांश शेडगे ने दबाव के बीच बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों में 57 रन की पारी खेली। उन्होंने मार्कस स्टोयनिस के साथ मिलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। स्टोयनिस ने भी 40 रन का योगदान दिया।

गुजरात की गेंदबाजी में जेसन होल्डर सबसे सफल रहे, जिन्होंने 4 विकेट झटके और पंजाब की बल्लेबाजी को संभलने नहीं दिया। वहीं मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा ने 2-2 विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

इस जीत के साथ गुजरात टाइटंस ने प्लेऑफ की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है, जबकि पंजाब किंग्स को लगातार दूसरी हार के बाद अपनी रणनीति पर फिर से विचार करना होगा।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story