आईपीएल 2026 : गुजरात टाइटंस की धमाकेदार जीत, आरसीबी को 4 विकेट से हराया

WhatsApp Channel Join Now
आईपीएल 2026 : गुजरात टाइटंस की धमाकेदार जीत, आरसीबी को 4 विकेट से हराया


आईपीएल 2026 : गुजरात टाइटंस की धमाकेदार जीत, आरसीबी को 4 विकेट से हराया


अहमदाबाद, 30 अप्रैल (हि.स.)। आईपीएल 2026 के मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 4 विकेट से हराकर सीजन की अपनी पांचवीं जीत दर्ज की। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में गुजरात ने 156 रन के लक्ष्य को 15.5 ओवर में हासिल कर लिया।

टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी गुजरात ने बेंगलुरु को 19.2 ओवर में 155 रन पर समेट दिया। इसके जवाब में गुजरात की शुरुआत तेज रही, जहां कप्तान शुभमन गिल ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 43 रन की पारी खेली और टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।

हालांकि बीच के ओवरों में गुजरात के कुछ विकेट जल्दी-जल्दी गिरे, लेकिन जोस बटलर (39) और बाद में राहुल तेवतिया ने पारी को संभाले रखा। अंत में राशिद खान ने चौका लगाकर टीम को जीत दिलाई और मुकाबले का समापन किया।

बेंगलुरु की ओर से भुवनेश्वर कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके। उन्होंने गिल, बटलर और साई सुदर्शन जैसे अहम बल्लेबाजों को आउट किया। इस प्रदर्शन के साथ ही वे सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं और पर्पल कैप अपने नाम कर ली है।

इससे पहले बल्लेबाजी करते हुए बेंगलुरु की शुरुआत अच्छी रही, जहां विराट कोहली ने तेज रन बनाए, लेकिन टीम उस लय को बरकरार नहीं रख सकी। देवदत्त पडिक्कल ने 40 रन की पारी खेली, लेकिन बाकी बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके।

गुजरात की गेंदबाजी में अरशद खान ने 3 विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई, जबकि जेसन होल्डर और राशिद खान ने 2-2 विकेट लिए। गेंदबाजों के इस सामूहिक प्रदर्शन ने बेंगलुरु को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोक दिया।

इस जीत के साथ गुजरात अंक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गया है, जबकि बेंगलुरु 12 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर बना हुआ है। मुकाबला भले ही कम स्कोर का रहा, लेकिन दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story